जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

बाबा कीनाराम जी का 427वां जन्मोत्सव शुरू, हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हुआ रामगढ़ मठ

चंदौली के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में 427वां जन्मोत्सव धूमधाम से शुरू हो गया है। देश-विदेश से जुटने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, जलाभिषेक, 24 घंटे बिजली-पानी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य व्यवस्था की गई है। पूरी खबर पढ़ें।
 

सूर्य की पहली किरण के साथ जन्मोत्सव शुरू

किनेश्वर महादेव शिवलिंग का भव्य जलाभिषेक

भोजपुरी गायक समर सिंह की सांस्कृतिक प्रस्तुति

श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे बिजली-पानी की व्यवस्था

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और झूलों पर पाबंदी

चंदौली जिले के चहनियां विकास खंड में महाकपालिक योगीराज अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी का 427वां जन्मोत्सव बेहद धूमधाम से शुरू हो गया है। सकलडीहा तहसील के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ को दुल्हन की तरह सजाया गया है। गुरुवार (10 सितंबर) को सूर्य की पहली किरण के साथ ही पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और बाबा के जयकारों से गूंज उठा। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक विद्युत झालरों से सजा मठ श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।

भक्तिमय माहौल में जलाभिषेक और सोहर-मंगलगीत

जन्मोत्सव के पहले दिन तड़के ही कांवड़ियों ने किनेश्वर महादेव के पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इसके बाद मठ के पदाधिकारियों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन, हवन और महाआरती कराई। घंटों, घड़ियालों और शंखनाद की आवाज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो गया। क्षेत्र की महिलाएं पारंपरिक सोहर और मंगलगीत गाकर उत्सव मना रही हैं। इसके अलावा सुबह से ही रामचरितमानस का पाठ और कई धार्मिक अनुष्ठान लगातार चल रहे हैं।

सांस्कृतिक संध्या में समर सिंह जमाएंगे रंग

धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ जन्मोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी खास तैयारी की गई है। रात आठ बजे से भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें भोजपुरी के मशहूर गायक समर सिंह और उनकी टीम अपनी बेहतरीन प्रस्तुति देगी। इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रशासन और पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने रामगढ़ स्थित मल्टीपरपज हॉल में उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। मठ परिसर के चारों तरफ मजबूत पुलिस बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही मठ के करीब 250 स्वयंसेवक भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन-पूजन में मदद के लिए मुस्तैद हैं।

24 घंटे बिजली-पानी और चिकित्सा की सुविधा

मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए चौबीस घंटे शुद्ध पीने का पानी, सफाई और निर्बाध बिजली की व्यवस्था की गई है। स्काउट-गाइड दल विद्यालय गेट पर ठंडा पानी पिला रहा है। चहनियां स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम मौके पर मौजूद है। आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र भी चालू कर दिए गए हैं। मौसम और सुरक्षा को देखते हुए इस बार मेले में किसी भी तरह के झूले चलाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*