बाबा कीनाराम जन्मोत्सव की तैयारियाँ तेज़, DM-SP ने अधिकारियों के साथ किया दौरा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर खास ज़ोर
अघोर परंपरा के महान संत बाबा किनाराम जी के आगामी जन्मोत्सव (10-12 सितंबर) को लेकर चंदौली प्रशासन अलर्ट है। डीएम चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल ने बैठक कर सुरक्षा, पार्किंग और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बाबा कीनाराम जन्मोत्सव की तैयारियों की समीक्षा
डीएम और एसपी ने लिया जायजा
10 से 12 सितंबर तक होगा आयोजन
मेला परिसर में 24 घंटे सफाई व्यवस्था
ट्रैफिक रूट डायवर्जन और पार्किंग के निर्देश
अघोर परंपरा के महान संत बाबा कीनाराम जी का आगामी जन्मोत्सव समारोह 10 से 12 सितम्बर, 2026 तक आयोजित होने जा रहा है। इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन को सुरक्षित व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए चंदौली प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक की और कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सफाई पर रहेगा विशेष ध्यान
बैठक के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति, निर्बाध बिजली, और चिकित्सा व्यवस्था समय से दुरुस्त करने को कहा। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया गया कि मेला क्षेत्र में 24 घंटे सफाई कर्मियों की शिफ्टवार तैनाती रहे, साथ ही पानी के टैंकर और अस्थायी शौचालय भी बनाए जाएँ।

सुरक्षा के लिए सेक्टर में बटेगा पूरा मेला परिसर
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पूरे मेला और मंदिर परिसर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। मुख्य स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला कांस्टेबल और सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी ताकि अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके।
रूट डायवर्जन और पार्किंग का बना खास प्लान
श्रद्धालुओं के वाहनों की सुचारू आवाजाही और जाम से बचाव के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा अलग से पार्किंग स्थल और रूट प्लान तैयार किया गया है। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी (पुलिस), विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी और बाबा किनाराम मठ/समिति के सेवादार व स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








