बाबा कीनाराम जन्मोत्सव में राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने टेका मत्था, रामगढ़ में उमड़ी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़
बाबा कीनाराम जन्मोत्सव में उमड़ा जनसैलाब
राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने किए दर्शन
भोजपुरी गीतों पर झूमे लाखों श्रद्धालु
रामगढ़ मेले में जमकर हुई खरीदारी
भक्तों में बंटा प्रसिद्ध हलवा प्रसाद
चंदौली जिले के चहनिया स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी के जन्मोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तीन दिनों तक चलने वाले इस जन्मोत्सव में लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा कीनाराम जी के चरणों में मत्था टेका, पुष्पमाला अर्पित की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस पावन अवसर पर राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह समेत कई नामी-गिरामी हस्तियों ने बाबा के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक अनवरत जारी रहा। मेले से लेकर सांस्कृतिक पांडाल तक हर तरफ भक्तों का रेला ही नजर आ रहा था।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक
बाबा का दर्शन-पूजन करने के बाद श्रद्धालुओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का जमकर आनंद उठाया। मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं, जिस पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
इसके बाद सुरेश सरगम, सीमा यादव, निवास केशरी, रिंकी सिंह, कुंवर मिलन प्रताप सिंह और विक्की तिवारी उर्फ 'छोटा पागल' ने अपने भोजपुरी भजनों और गीतों से समां बांध दिया। 'छोटा पागल' की भक्तिमय प्रस्तुति पर तो दर्शक खुद को रोक नहीं पाए और पंडाल में ही झूमने लगे। पूरा परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बाबा कीनाराम जी की जय' के जयकारों से गूंज उठा।

मेले में हुई जमकर खरीदारी और व्यंजन का आनंद
जन्मोत्सव के मौके पर लगे मेले में भी श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल रही। दर्शन के बाद लोगों ने घर-गृहस्थी के सामान और अपनी जरूरत की चीजों की जमकर खरीदारी की। मौसम सुहाना होने के कारण दुकानदारों और खरीदारों दोनों का उत्साह दोगुना रहा। मेले में चाट, फुल्की, जलेबी और समोसे की दुकानों पर लोगों की लंबी लाइनें लगी रहीं, वहीं बच्चों ने चरखी और झूलों का जमकर आनंद लिया।

भक्तों ने चखा प्रसिद्ध हलवा प्रसाद
दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं का रुख प्रसाद वितरण हॉल की तरफ रहा। यहाँ दिनभर दाल, चावल, पूड़ी-सब्जी और खिचड़ी का प्रसाद भक्तों के बीच बांटा गया।
इसके साथ ही बाबा कीनाराम जी के प्रसिद्ध हलवा प्रसाद को पाने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह, अरुण सिंह, लाला सिंह, कुलदीप वर्मा और प्रदीप यादव समेत सैकड़ों लोग दिन-रात लगे रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन धनंजय सिंह व राजेंद्र पांडे ने किया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







