जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बलुआ इलाके में बेखौफ बदमाश: मथेला गांव में घर के बाहर खड़ी महिला से दिनदहाड़े चेन और कान की बाली छीनी, बाइक से फरार ​​​​​​​

चंदौली के बलुआ क्षेत्र के मथेला गांव में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी महिला से चेन और कान की बाली छीन ली। इस वारदात से इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत और सुरक्षा को लेकर आक्रोश है।

 
 

दिनदहाड़े महिला से हुई छिनैती

बाइक सवार दो बदमाश फरार

मथेला गांव में मची सनसनी

बलुआ पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

नियमित पुलिस गश्त की मांग

 चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बुधवार को मथेला गांव में दिनदहाड़े हुई छिनैती की एक सनसनीखेज वारदात ने पुलिसिया सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है। यहाँ अपने घर के बाहर खड़ी एक महिला को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो बेखौफ बदमाशों ने लूटपाट की और बड़े आराम से फरार हो गए।

डरा-धमकाकर लूटे सोने के जेवर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मथेला गांव की रहने वाली शांति देवी (पत्नी ओमप्रकाश विश्वकर्मा) अपने घर के बाहर मौजूद थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात नकाबपोश युवक वहां आकर रुके। बदमाशों ने महिला को डराया-धमकाया और झपट्टा मारकर उनके कान की सोने की बाली और गले की चेन छीन ली। जब तक महिला शोर मचाती, बदमाश तेज रफ्तार बाइक से आंखों से ओझल हो चुके थे।

इलाके में लगातार बढ़ रही हैं वारदातें
इस घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत बलुआ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। ग्रामीणों का आरोप है कि बलुआ क्षेत्र में चोरी और छिनैती की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। अभी दो दिन पहले ही टांडा गांव के एक मंदिर में भी चोरी हुई थी। इन लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्धों की चेकिंग करने की पुरजोर मांग की है। मामले को लेकर बलुआ थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*