बलुआ पुल से गंगा में छलांग लगाने वाले रामप्रसाद का शव महुअरकला में मिला, सुसाइड नोट से प्रेम प्रसंग का खुलासा
चंदौली के बलुआ पुल से शुक्रवार की रात गंगा में कूदे 25 वर्षीय युवक रामप्रसाद राजभर का शव रविवार को महुअरकला गांव के पास उतराया मिला। पुलिस को बाइक से एक सुसाइड नोट मिला है, जिससे मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है।
गंगा नदी में उतराया मिला शव
मृतक की रामप्रसाद राजभर के रूप में पहचान
बलुआ पुल से लगाई थी छलांग
बाइक से बरामद हुआ सुसाइड नोट
परिजनों ने किया प्रेम प्रसंग से इनकार
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआ गंगा पुल से शुक्रवार की रात्रि में छलांग लगाने वाले अज्ञात युवक का शव रविवार को महुअरकला गांव के समीप गंगा किनारे उतराया हुआ मिला। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल की गई बाइक की तस्वीर के आधार पर बलुआ थाने पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। मृतक की पहचान चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर (बलुआ) निवासी 25 वर्षीय रामप्रसाद राजभर पुत्र जुलाब राजभर के रूप में हुई है, जो पेशे से एक ट्रक मैकेनिक था।
शुक्रवार की रात पुल से लगाई थी छलांग
प्राप्त विवरण के अनुसार, शुक्रवार की रात एक अज्ञात युवक बलुआ पुल पर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर, जेब से पर्स निकालकर गाड़ी पर रख दिया और अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। पीछे से आ रहे राहगीरों ने जब यह खौफनाक नजारा देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी (SO) अरुण प्रताप सिंह तत्काल पुलिस बल और स्थानीय प्राइवेट गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। नावों के जरिए नदी में व्यापक खोजबीन कराई गई, लेकिन रात के अंधेरे और तेज बहाव के कारण युवक का कहीं पता नहीं चल सका।
तीसरे दिन मिला शव, बाइक से मिला सुसाइड नोट
घटना के तीसरे दिन यानी रविवार को ग्रामीणों ने महुअरकला गांव के पास गंगा किनारे एक शव को उतराते हुए देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा की वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की मोटरसाइकिल से एक पर्स और एक पत्र (सुसाइड नोट) बरामद हुआ है। इस पत्र में 'पूजा' नाम की किसी युवती का जिक्र है। बलुआ पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, और किसी बात से क्षुब्ध होकर ही युवक ने आत्मघाती कदम उठाया।
प्रेम प्रसंग पर परिजन बोले- 'चिकन लेने निकला था'
दूसरी ओर, शिनाख्त के बाद बलुआ थाने पहुंचे परिजनों ने प्रेम प्रसंग जैसी किसी भी बात की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों का कहना था कि वे लोग खुद बीते तीन दिनों से युवक की लगातार खोजबीन कर रहे थे। उन्होंने बताया कि रामप्रसाद पेशे से ट्रक मैकेनिक था और शुक्रवार की शाम को वह घर से यह कहकर निकला था कि 'मैं चिकन लेने जा रहा हूँ और थोड़ी देर में वापस आ जाऊँगा।' फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








