बलुआ इलाके में बड़ा हादसा: भूपौली नहर किनारे मिली लूंगी और लाठी, पानी में डूबे सामूराम की तलाश जारी
चंदौली के मारकनिया गांव में सुबह टहलने निकले 60 वर्षीय बुजुर्ग सामूराम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। भूपौली नहर की मेड़ पर उनके कपड़े और लाठी मिलने से हड़कंप मच गया है।
मारकनिया गांव के बुजुर्ग नहर में लापता
भोपाली नहर किनारे मिली लाठी और गमछा
परिजनों और ग्रामीणों ने शुरू की तलाश
नहर में तेज बहाव से तलाश मुश्किल
बलुआ थाना क्षेत्र में मची अफरातफरी
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मारकनिया गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर से टहलने निकला एक बुजुर्ग व्यक्ति अचानक लापता हो गया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। परिजनों और ग्रामीणों ने जब खोजबीन शुरू की तो नहर के किनारे उनका सामान बरामद हुआ, जिससे उनके नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है।

सुबह टहलने निकले थे सामूराम
जानकारी के अनुसार, मारकनिया गांव के रहने वाले 60 वर्षीय सामूराम सोमवार सुबह करीब 6 बजे अपने घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित मारकनिया माइनर की तरफ टहलने के लिए निकले थे। जब वे काफी देर तक वापस घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी खोजबीन शुरू कर दी।
नहर की मेड़ पर मिला सामान
खोजबीन करते हुए जब लोग मारकनिया गांव के सामने से गुजर रही भूपौली नहर के पास पहुंचे, तो वहां की मेड़ पर सामूराम की लूंगी, गमछा और डंडा रखा हुआ मिला। सामान देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और उन्हें आशंका हुई कि बुजुर्ग अनजाने में या पैर फिसलने के कारण नहर के गहरे पानी में गिर गए होंगे।
पानी में ग्रामीणों ने शुरू की तलाश
सामान मिलने के तुरंत बाद ग्रामीण और परिजन बिना देर किए पानी में उतर गए और उनकी तलाश शुरू कर दी। हालांकि, नहर में पानी का बहाव और जलस्तर अधिक होने के कारण गोताखोरों के जरिए तलाशी अभियान में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग और राहगीर भी मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस को दी गई सूचना
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय बलुआ पुलिस को दी। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि तलाश शुरू होने के करीब एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। फिलहाल यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बुजुर्ग नहर में डूबे हैं या उनके साथ कोई अन्य अनहोनी हुई है। स्थानीय लोग अपनी तरफ से पानी में लगातार उनकी खोजबीन कर रहे हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







