जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बलुआ में पुलिस की बैठकें फेल! मथेला में छिनैती और टाण्डा में चोरी के बाद अब मटियाला से ट्रैक्टर गायब

चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में चोर बेखौफ घूम रहे हैं। टाण्डा में मंदिर चोरी और मथेला में छिनैती के बाद अब चोरों ने मटियाला गांव से पूरा ट्रैक्टर ही पार कर दिया। लगातार बढ़ते अपराध से नाराज ग्रामीणों ने एसपी से गुहार लगाई है।

 
 

बलुआ थाना क्षेत्र में चोरों का बढ़ता आतंक

मटियाला गांव से घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चोरी

टाण्डा मंदिर चोरी और मथेला में छिनैती से हड़कंप

पुलिस की लगातार बैठकों के बाद भी वारदातें जारी

ग्रामीणों ने चंदौली एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक चरम पर है। इलाके में लगातार एक के बाद एक अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में डर का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला चहनियां इलाके के मटियाला गांव का है, जहां गुरुवार की रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

घर के बाहर से पूरा ट्रैक्टर ले उड़े चोर
जानकारी के मुताबिक, मटियाला गांव के रहने वाले कमलेश यादव ने रोज की तरह गुरुवार की रात को अपना ट्रैक्टर घर के बाहर खड़ा किया था। देर रात चोरों ने मौका पाकर पूरे ट्रैक्टर पर ही हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार की सुबह जब परिवार के लोग जगे और बाहर देखा, तो ट्रैक्टर गायब था। ट्रैक्टर न देखकर घरवालों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत शोर मचाया।

इलाके में लगातार बढ़ रही हैं वारदातें
परिजनों ने फौरन इस घटना की सूचना बलुआ थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोर बिल्कुल बेखौफ हो चुके हैं। दो दिन पहले ही टाण्डा के एक मंदिर में चोरी हुई थी और बीते दिनों मथेला गांव में छिनैती की वारदात हुई थी, जिससे लोग पहले से परेशान हैं।

पुलिस की बैठकें जारी, पर नतीजा सिफर
लगातार हो रही इन चोरी और छिनैती की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। सूत्रों की मानें तो थाने के बड़े साहब अपने मातहतों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पा रही है। अब देखना यह है कि पुलिस इस ट्रैक्टर चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है। परेशान ग्रामीणों ने अब जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से इस बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने की गुहार लगाई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*