बलुआ इलाके में एक ही रात दो काली मंदिरों में चोरी, माता की नथुनी और चांदी के बर्तन गायब होने से ग्रामीणों में गुस्सा
चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक ही रात हिनौता और रानेपुर गांव स्थित दो काली मंदिरों पर धावा बोलकर माता की नथुनी, चांदी के गिलास और कटोरी पार कर दिए। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
चंदौली बलुआ थाना मंदिर चोरी
हिनौता और रानेपुर काली मंदिर
माता की नथुनी चांदी बर्तन पार
मंदिर के ताले तोड़कर वारदात
बलुआ थाना पुलिस जांच शुरू
चंदौली जनपद स्थित बलुआ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बेखौफ चोरों ने बीती रात हिनौता और रानेपुर गांव में स्थित दो प्रसिद्ध काली माता मंदिरों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने मंदिरों से माता की नथुनी समेत चांदी के गिलास और कटोरी पार कर दिए। एक ही रात दो धार्मिक स्थलों पर हुई इस वारदात से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

ताला टूटने की आवाज सुनकर जागे लोग
जानकारी के मुताबिक, हिनौता गांव स्थित काली मंदिर में रात करीब 12:30 बजे चोर घुस आए। मंदिर का ताला तोड़ने की खटपट सुनकर पास में सो रहा एक व्यक्ति जाग गया और उसने तुरंत इसकी सूचना मंदिर के पुजारी संकट यादव को दी। पुजारी जब भागकर मौके पर पहुंचे तो चोर मोटरसाइकिल से फरार होते दिखाई दिए। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने मंदिर से थोड़ी दूरी पर अपनी बाइक खड़ी की थी और पैदल आकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

रानेपुर गांव के मंदिर को भी बनाया निशाना
इसी रात चोरों ने रानेपुर गांव के काली मंदिर में भी सेंधमारी की। वहाँ से भी माता की नथुनी तथा पूजा में इस्तेमाल होने वाले चांदी के गिलास और कटोरी चोरी कर ली गई। दोनों जगहों पर चोरों ने केवल धार्मिक आभूषणों और पूजा सामग्री को ही अपना निशाना बनाया। चोरी गई नथुनी की कीमत सात हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस की छानबीन जारी, सुराग नहीं मिला
घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले 112 पुलिस और फिर बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुजारी संकट यादव ने बताया कि पुलिस ने आसपास के इलाकों में तुरंत छानबीन की, लेकिन फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
लगातार दो मंदिरों में हुई चोरी से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुआ सामान बरामद हो। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। वहीं, बलुआ के प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







