जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

भागवत कथा के पोस्टर फाड़ने पर भड़के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू: कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए बताया 'असुरों का कार्य'

चंदौली के माधोपुर में गुरुवार से शुरू हो रही श्रीमद् भागवत कथा के पोस्टर फाड़े जाने की शिकायत पर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे आसुरी प्रवृत्ति के लोगों का कृत्य बताते हुए कहा कि ऐसे लोग हर युग में मौजूद रहे हैं।

 
 

भागवत कथा के पोस्टर फाड़े जाने की शिकायत से गरमाया माहौल

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने इसे 'असुरों का कार्य' बताया

माधोपुर में गुरुवार से पंडित गौरंगी गौरी जी सुनाएंगी भागवत कथा

धार्मिक आयोजनों को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज

चंदौली। जनपद के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के माधोपुर गांव में आयोजित होने जा रही श्रीमद् भागवत कथा के पोस्टर फाड़े जाने की शिकायत को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस मामले पर पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे आसुरी प्रवृत्ति के लोगों का कार्य बताया है।

रामायण काल का जिक्र कर साधा निशाना
मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे पवित्र धार्मिक आयोजन के पोस्टर फाड़ना आसुरी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने रामायण काल का उदाहरण देते हुए कहा कि जब स्वयं भगवान श्रीराम धरती पर थे, तब भी असुर विद्यमान थे और आज के समय में भी ऐसी प्रवृत्ति के लोग समाज में मौजूद हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने स्वयं पोस्टर फाड़ते हुए किसी को नहीं देखा है, इसलिए वे किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं ले सकते।

गुरुवार से शुरू हो रही है श्रीमद् भागवत कथा
दरअसल, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अपने पैतृक गांव माधोपुर में पिता की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार से पंडित गौरंगी गौरी जी के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन करा रहे हैं। कथा को लेकर गांव सहित आसपास के इलाकों में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।


धार्मिक आयोजनों के बीच तेज हुईं राजनीतिक चर्चाएं
गौरतलब है कि बीते अक्टूबर महीने में सैयदराजा के वर्तमान भाजपा विधायक सुशील सिंह की ओर से पंडित राजन जी महाराज की रामकथा का आयोजन कराया गया था। अब सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू द्वारा भागवत कथा कराए जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इसी बीच पोस्टर फाड़े जाने की घटना और पूर्व विधायक के बयान ने क्षेत्र की राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*