भाजपा विधानसभा सम्मेलन में गूँजा ‘व्यापारी सशक्त – राष्ट्र सशक्त’ का संदेश
सकलडीहा में भाजपा विधानसभा सम्मेलन का आयोजन
GST दरों में कटौती से व्यापारियों को राहत
MLC धर्मेन्द्र सिंह ने सरकार की उपलब्धियां बताईं
सूर्यमुनी तिवारी बोले — व्यापारी सशक्त, राष्ट्र सशक्त
चंदौली जिले के सकलडीहा विकास खंड सभागार में भाजपा विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें वस्तु एवं सेवा कर (GST) में हाल ही में की गई दरों में कटौती एवं व्यापारियों के हित में सरकार के निर्णयों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी उपस्थित रहे। सम्मेलन का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

मुख्य अतिथि एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में व्यापारी वर्ग के हित में लगातार ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं। जीएसटी में कटौतियों से छोटे व्यापारियों को राहत मिली है और बाजार में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने बताया कि वस्त्र, जूता, सूत उद्योग सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर कर में कमी की गई है, साथ ही रिटर्न फाइलिंग प्रक्रिया को डिजिटल और आसान बनाया गया है।

विशिष्ट अतिथि सूर्यमुनी तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य “व्यापारी सशक्त – राष्ट्र सशक्त” है। उन्होंने कहा कि मजबूत व्यापारी वर्ग ही देश की आर्थिक रीढ़ को सुदृढ़ बनाता है। भाजपा सरकार ने कर प्रणाली को सरल बनाकर भ्रष्टाचार और अनावश्यक निरीक्षणों पर अंकुश लगाया है।
कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र पाण्डेय ‘कवि’ ने किया और धन्यवाद ज्ञापन ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह ने दिया। अंत में भारत माता की जय और जय भाजपा के नारों से सभागार गूंज उठा। इस अवसर पर एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह, सूर्यमुनी तिवारी, अवधेश सिंह, अरुण जायसवाल, हरिश्चन्द्र अग्रहरि, गोपाल राजभर, शैलेन्द्र पाण्डेय सहित अनेक कार्यकर्ता व व्यापारी उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







