सकलडीहा सीट पर BJP खेल सकती है बड़ा दांव, क्या यादव कार्ड से बदलेगा सियासी समीकरण?
चंदौली की सकलडीहा विधानसभा सीट पर इस बार बड़ा उलटफेर हो सकता है। सपा के गढ़ में सेंध लगाने के लिए भाजपा यादव चेहरे पर दांव लगाने की तैयारी में है, जिसमें मशहूर डॉक्टर संजय यादव का नाम सबसे आगे चल रहा है।
सकलडीहा सीट पर भाजपा की नजर
डॉक्टर संजय यादव की बढ़ी सक्रियता
यादव बाहुल्य सीट का नया समीकरण
धार्मिक आयोजनों से जनता के बीच
चंदौली जिले में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा अभी से चढ़ने लगा है। सभी सियासी दल अपनी-अपनी गोटियां सेट करने में जुट गए हैं। इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा सकलडीहा विधानसभा सीट को लेकर हो रही है। राजनीतिक गलियारों में यह सुगबुगाहट तेज है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) इस बार सकलडीहा सीट पर सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए किसी यादव चेहरे पर दांव लगा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह इलाका आगामी चुनाव में सबसे हॉट सीट बन सकता है।

डॉ. संजय यादव की सक्रियता ने बढ़ाई हलचल
सकलडीहा सीट पर वैसे तो भाजपा के कई नेता अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से चंदौली के जाने-माने चिकित्सक और अभिषेक हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संजय यादव का नाम तेजी से उभरा है। डॉ. संजय यादव की क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता और आम लोगों से उनका जुड़ाव इस समय चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है। जो लोग अब तक समाजवादी पार्टी के करीब माने जाते थे, उनका झुकाव भी अब भाजपा और डॉ. संजय यादव की तरफ देखा जा रहा है।
धार्मिक अनुष्ठान में उमड़ी भीड़
अपनी इसी सक्रियता के सिलसिले में डॉ. संजय यादव पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर सकलडीहा क्षेत्र के तेनुवट गांव पहुंचे। यहाँ स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर ठाकुरवाड़ी में अखंड रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया था। डॉ. संजय यादव ने इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य रूप से भाग लिया। उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और पूरे क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल भी जाना।
सपा के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी
सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र को पारंपरिक रूप से यादव बाहुल्य माना जाता है, जहाँ समाजवादी पार्टी का मजबूत प्रभाव रहा है। ऐसे में भाजपा यहाँ 'लोहे को लोहे से काटने' की रणनीति पर काम कर रही है। ग्रामीणों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा आम है कि डॉ. संजय यादव लगातार सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों के जरिए जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत कर रहे हैं। हालांकि, भाजपा की तरफ से अभी तक टिकट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन डॉ. संजय की मौजूदगी को चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
तेनुवट गांव में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। डॉ. संजय यादव के साथ मुख्य रूप से रमाकांत पांडे, राधेश्याम पांडे, रवि शंकर पांडे, शरद चौबे, अमित कुमार पांडे, राजेंद्र पांडे, जयशंकर पांडेय, जयप्रकाश पांडेय और कमलेश चौबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय भक्तगण और ग्रामीण उपस्थित थे। इन सभी लोगों ने डॉ. संजय यादव की इस पहल की सराहना की।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








