जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चहनियां कस्बे में लगातार दूसरी बड़ी ठगी: टेंपो से पीछा कर बुजुर्ग महिला के जेवर पार, पुलिस में दी तहरीर

बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां कस्बे में दो अज्ञात ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को झांसा देकर उनके कान के कर्णफूल पार कर दिए। एक हफ्ते के अंदर ठगी की यह दूसरी घटना है।

 
 

बुजुर्ग महिला को झांसा देकर जेवर उड़ाए

चहनियां कस्बे में ठग गिरोह सक्रिय

एक हफ्ते में ठगी की दूसरी वारदात

कागज़ गिराकर झांसे में लिया महिला को

पीड़ित परिवार ने बलुआ थाने में दी शिकायत

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चहनियां कस्बे में शनिवार को एक दर्दनाक ठगी की घटना सामने आई है। दो अज्ञात ठगों ने चालाकी से एक बुजुर्ग महिला को झांसे में लिया और उनके कान के सोने के कर्णफूल लेकर चंपत हो गए। पीड़ित महिला बादामी देवी, जो हरधन जुड़ा गांव की रहने वाली हैं, शनिवार शाम फगुइयां स्थित अपनी रिश्तेदारी से वापस घर लौट रही थीं।

chahania-elderly-woman-cheated-earrings-stolen

सब्जी की दुकान के पास ठगों ने रचा जाल
हरधन जुड़ा गांव निवासी बादामी देवी शनिवार शाम को टेंपो से चहनियां चौराहे पर उतरीं। चौराहे पर उतरने के बाद वह सबसे पहले फल खरीदने के लिए एक दुकान पर रुकीं, लेकिन फल के दाम अधिक होने के कारण वह पास ही स्थित सब्जी की दुकान की तरफ चली गईं। इसी दौरान टेंपो से उनके पीछे-पीछे आए दो अज्ञात शातिर युवक भी वहां पहुंच गए और महिला को अपना निशाना बनाने का जाल बुनने लगे।

कागज गिराकर झांसे में लिया और उड़ाए जेवर
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने पहले जमीन पर एक कागज गिराया और बुजुर्ग महिला से कहा, "दादी, आपका कागज गिर गया है।" इसके बाद वे उनसे बातचीत करने लगे और महिला को डराते हुए कहा कि भीड़ में कोई उनके कान के कर्णफूल छीन सकता है, इसलिए इन्हें निकालकर झोले में सुरक्षित रख लें। झांसे में आकर महिला ने कर्णफूल निकाल लिए। तभी आरोपियों ने मदद करने के बहाने झोले में हाथ डालकर चुपके से कर्णफूल पार कर दिए।

एक हफ्ते में दूसरी घटना से कस्बे में दहशत
कुछ देर बाद जब महिला ने अपना झोला देखा तो कर्णफूल गायब थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब ठगों का पता नहीं चला, तो उन्होंने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। रविवार को पीड़ित महिला अपने पुत्र के साथ बलुआ थाने पहुंचीं और तहरीर दी। गौरतलब है कि 26 जुलाई को भी इसी कस्बे में राधिका देवी नामक महिला से मंगलसूत्र, कर्णफूल और तीन हजार रुपये ठगे गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में काफी दहशत व्याप्त है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*