जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चहनियां क्षेत्र को बड़ी सौगात: 15 साल से अटका 20 बेड का अस्पताल अब होगा शुरू, शासन ने दी वित्तीय मंजूरी

चंदौली के चहनियां क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से अधर में लटका 20 बेड का अस्पताल अब जल्द बनकर तैयार होगा। विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के प्रयासों के बाद शासन ने इसके शेष निर्माण कार्य के लिए नई वित्तीय स्वीकृति जारी कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

15 वर्षों से लटका था अस्पताल

विधायक प्रभुनारायण सिंह के प्रयास सफल

शासन ने जारी की वित्तीय स्वीकृति

12 महीने में पूरा होगा निर्माण

दर्जनों गांवों को मिलेगी बड़ी राहत

 चंदौली जनपद के चहनियां क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के मोर्चे पर एक बहुत बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। पिछले करीब 15 वर्षों से प्रशासनिक उपेक्षा और अड़चनों के कारण अधर में लटका 20 बेड के अस्पताल के निर्माण का सपना अब जल्द ही धरातल पर उतरने जा रहा है। वर्षों से फाइलों में दबी पड़ी यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना अब दोबारा पूरी गति पकड़ चुकी है, जिससे स्थानीय जनता में भारी उत्साह है।

एसआईटी जांच के कारण ठप पड़ा था काम
गौरतलब है कि वर्ष 2009-10 में इस 50 बेड के अस्पताल परियोजना को शासन से मंजूरी मिली थी। शुरुआत में कुछ काम होने के बाद यह पूरा मामला विशेष जांच दल (SIT) की जांच में फंस गया, जिसके कारण निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप हो गया था। लंबे समय तक यह मामला अधर में लटका रहा। अब उत्तर प्रदेश शासन ने केवल 20 बेड के अस्पताल के शेष निर्माण कार्य के लिए नई प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है, जिससे तमाम पुरानी प्रशासनिक बाधाएं दूर हो गई हैं।

chahaniya-20-bed-hospital-construction-mla-prabhunarayan

विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के प्रयास लाए रंग
इस बंद पड़ी परियोजना को दोबारा जीवित कराने में सकलडीहा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव की पैरवी और लगातार किए गए प्रयासों का सबसे बड़ा योगदान माना जा रहा है। विधायक द्वारा विधानसभा समिति के समक्ष लगाई गई याचिका पर मामले का गंभीरता से संज्ञान लिया गया। इसके बाद विभागीय स्तर पर तेजी से फाइलें आगे बढ़ीं और शेष निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करते हुए बिड (निविदा) भी खोल दी गई है।

12 महीने में तैयार होगा अस्पताल, वाराणसी जाने से मिलेगी मुक्ति
शासन ने इस परियोजना के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अनुबंध की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यदायी संस्था को आगामी 12 महीने के भीतर अस्पताल का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करना होगा। इस अस्पताल के चालू हो जाने से चहनियां और उसके आसपास के दर्जनों गांवों के मरीजों को गंभीर बीमारी या आपातकालीन स्थिति में वाराणसी अथवा जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। क्षेत्र के लोगों को अब अपने ही इलाके में बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*