चहनियां ब्लॉक में जुटे सैकड़ों प्रधान: योगी सरकार के फैसले पर जताया आभार, सांसद साधना सिंह ने किया 'एक पेड़ मां के नाम' पौधरोपण
चहनियां खंड विकास कार्यालय में ग्राम प्रधानों को एक साल के लिए प्रशासक बनाए जाने पर सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह का प्रधानों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया, जिसके बाद सांसद ने पौधरोपण भी किया।
चहनियां ब्लॉक में सम्मान समारोह
प्रधानों को मिला प्रशासक का जिम्मा
सांसद साधना सिंह का भव्य स्वागत
विकास कार्यों में आएगी और तेजी
'एक पेड़ मां के नाम' पौधरोपण
चंदौली जिले के चहनियां स्थित खंड विकास सभागार में शुक्रवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रदेश की योगी सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाते हुए उन्हें एक वर्ष के लिए प्रशासक नियुक्त किया गया है। इसी ऐतिहासिक फैसले की खुशी में चहनियां क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने एकजुट होकर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह का माल्यार्पण, अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह भेंट कर जोरदार नागरिक अभिनंदन किया।

योगी सरकार ने बढ़ाया प्रधानों का मान: साधना सिंह
समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाते हुए उन्हें प्रशासक के रूप में नई और बड़ी जिम्मेदारी दी है। सरकार का यह कदम जमीनी जनप्रतिनिधियों को सम्मान देने वाला और सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होगी, जो उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया पौधरोपण
अपने संबोधन के दौरान सांसद साधना सिंह ने पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि यह देशव्यापी मुहिम हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह काम करेगी। उन्होंने ब्लॉक परिसर में खुद पौधरोपण करते हुए वहां मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों, प्रधानों और आम नागरिकों से इस सावन के महीने में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने की भावुक अपील की।
कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस गरिमामयी कार्यक्रम का सफल संचालन योगेंद्र मिश्रा ने किया। इस खास मौके पर मुख्य रूप से चहनियां के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) जावेद अख्तर, संयुक्त बीडीओ ओमप्रकाश, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजेश यादव, धर्मेंद्र यादव, अतुल सिंह 'प्रिंस', आनंद सिंह, गोपाल गुप्ता और नित्यानंद सिंह सहित चहनियां क्षेत्र के सैकड़ों ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और सम्मानित ग्रामीण उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








