चहनियां अग्निकांड: पीड़ित किराना व्यापारी से मिलने पहुंचे विधायक प्रभु नारायण, बंधाया ढाढ़स और आर्थिक मदद का दिया भरोसा
चंदौली के चहनियां कस्बे में थोक किराना दुकान में लगी भीषण आग के बाद सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों से बात कर पीड़ित व्यापारी को हरसंभव सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिया।
चहनियां कस्बे में भीषण अग्निकांड
पीड़ित परिवार से मिले विधायक
लाखों का सामान जलकर राख
अधिकारियों से सरकारी मदद की मांग
अस्पताल में भर्ती बच्चे का हाल
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चहनियां कस्बे में दो दिन पहले हुई भीषण आगजनी की घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया था। इस हादसे के बाद गुरुवार को सकलडीहा के क्षेत्रीय विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव चहनियां कस्बे पहुंचे। उन्होंने पीड़ित किराना व्यवसायी परिवार से मुलाकात कर इस विपत्ति की घड़ी में उन्हें ढाढ़स बंधाया और हर संभव प्रशासनिक व निजी मदद दिलाने का भरोसा दिया।

शॉर्ट सर्किट से लाखों का सामान हुआ राख
घटना के अनुसार, खंडवारी रानेपुर गांव के निवासी विजय और अजय की चहनियां कस्बे में थोक किराना की एक बड़ी दुकान है। मंगलवार की रात अज्ञात कारणों से इस दुकान में अचानक भीषण आग लग गई थी। आग इतनी भयानक थी कि दुकान में रखा लाखों रुपये का रिफाइंड, खाद्य तेल, मैदा, चीनी, मसाले और बहीखाते जलकर पूरी तरह खाक हो गए।

पुलिस और स्थानीय युवकों ने बचाई थी जान
आग लगने के बाद जब हड़कंप मचा, तो बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, प्रधानपति सतीश गुप्ता और स्थानीय युवाओं ने बहादुरी का परिचय दिया। इन लोगों ने फौरन मौके पर पहुंचकर मकान के पीछे की ओर से छत पर चढ़कर अंदर फंसे परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला था। हालांकि, इस हादसे में दुकान का सारा सामान जल गया और परिवार का एक बच्चा घायल हो गया।
सरकारी मदद दिलाने के लिए अफसरों से की बात
विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने पीड़ित परिवार से मिलकर हादसे की पूरी जानकारी ली। उन्होंने मौके से ही जिले के उच्च अधिकारियों से फोन पर बात कर घटना की गंभीरता से अवगत कराया और पीड़ित व्यापारी को जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा दिलाने को कहा। विधायक ने अस्पताल में भर्ती घायल बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव, सुभाष यादव, बिरजू अग्रहरी, राम विलास गुप्ता, बबलू जायसवाल और ओम प्रकाश गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








