जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

हुदहुदीपुर में औघड़ की मड़ई पर हुआ समझौता: ग्राम प्रधान की पहल से 5 घंटे में सुलझा जमीन का विवाद, मुकदमेबाजी से बचे दो परिवार

चहनियां के सराय रसूलपुर गांव के दो पक्षों में चल रहा जमीन और मारपीट का विवाद आपसी सहमति से सुलझ गया। औघड़ की मड़ई में ग्राम प्रधान की मौजूदगी में 5 घंटे चली पंचायत के बाद समझौता पत्र पुलिस को सौंपा गया।

 
 

आपसी समझौते से सुलझा जमीन विवाद

हुदहुदीपुर औघड़ की मड़ई में बनी सहमति

ग्राम प्रधान की पहल से बचा मुकदमा

जमीन की बराबर हिस्सेदारी पर बनी बात

चंदौली जिले के चहनियां क्षेत्र स्थित हुदहुदीपुर गांव के औघड़ की मड़ई में गुरुवार को एक सराहनीय पहल देखने को मिली। ग्राम पंचायत सराय रसूलपुर के दो परिवारों के बीच लंबे समय से चल रहा जमीन और मारपीट का विवाद आपसी सहमति से पूरी तरह सुलझा लिया गया। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने से यह मामला थाने और कोर्ट के चक्कर में फंसने से बच गया।

chahaniya-land-dispute-settled-peacefully-hudhudipur

जमीन और मारपीट को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय कमला यादव की पत्नी शर्मिला देवी और दूसरे पक्ष के दिनेश यादव व उनकी पत्नी गीता यादव के बीच जमीन को लेकर कहासुनी और मारपीट हो गई थी। मामला बढ़ते-बढ़ते स्थानीय पुलिस चौकी तक पहुंच गया। पुलिस चौकी पर दोनों पक्षों को कई घंटे बैठाकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों ने गांव में बैठकर आपसी सहमति से मामला सुलझाने की बात कही।

5 घंटे तक चली पंचायत, बराबर हिस्सेदारी पर बनी सहमति
गुरुवार को दोनों पक्ष औघड़ की मड़ई पहुंचे, जहां ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने करीब पांच घंटे तक दोनों पक्षों से विस्तार से बातचीत की। पंचायत के दौरान प्रथम पक्ष ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए खेद जताया और भविष्य में कभी भी विवाद, गाली-गलौज या मारपीट न करने का पूरा भरोसा दिया। इसके साथ ही तय हुआ कि विवादित जमीन की नियमानुसार नाप-जोख करवाकर सभी हिस्सेदारों को बराबर-बराबर हिस्सा दे दिया जाएगा।

पुलिस चौकी प्रभारी को सौंपा गया समझौता पत्र
दोनों पक्षों ने बिना किसी दबाव के अपनी स्वेच्छा से लिखित समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए और रजामंदी जताई। इसके बाद तैयार किए गए लिखित समझौता पत्र को पुलिस चौकी प्रभारी रविकांत चौहान को सौंप दिया गया, जिससे दोनों परिवार अब कानूनी दांव-पेच और मुकदमेबाजी की झंझट से पूरी तरह बच गए हैं।

समझौते में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का रहा सहयोग
इस विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने में ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह, ग्राम प्रधान नारद यादव, शर्मिला यादव, पंकज यादव, गुड़िया यादव, दिनेश यादव, गीता यादव, अभिषेक यादव, सुजीत यादव, अखिलेश यादव, बेचन यादव समेत कई स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सराहनीय सहयोग दिया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*