चहनियां में अनोखी पहल: 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत छात्रों ने गाजे-बाजे से निकाली 'पौधों की बारात'
चंदौली के चहनियां कस्बे में वन विभाग और स्कूली छात्रों ने मिलकर पर्यावरण जागरूकता के लिए 'पौधों की बारात' निकाली। नारों और प्रभात फेरी के जरिए लोगों को पेड़ लगाने का महत्व समझाया गया। पूरी खबर और तस्वीरें यहां देखें।
चहनियां में निकली पौधों की बारात
मां खंडवारी देवी कॉलेज का सहयोग
छात्रों ने लगाए पर्यावरण से जुड़े नारे
स्वस्थ जीवन के लिए पौधरोपण जरूरी
वन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान
'एक पेड़ मां के नाम' और वन महोत्सव पौधरोपण महायज्ञ के तहत चंदौली के चहनियां कस्बे में एक बेहद अनोखा नजारा देखने को मिला। सोमवार को वन विभाग और स्कूली बच्चों ने मिलकर पर्यावरण को बचाने के लिए कस्बे में 'पौधों की बारात' और वृक्षारोपण जन जागरूकता प्रभात फेरी निकाली। इस अनोखी बारात की शुरुआत चहनियां कस्बा स्थित मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज से की गई, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोग सड़कों पर आ गए।

नारों से गूंज उठा चहनियां कस्बा
मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह कैलाशी के विशेष सहयोग से निकाली गई इस प्रभात फेरी में वन विभाग के कर्मचारियों और स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों के हाथों में पर्यावरण संरक्षण के स्लोगन लिखे हुए थे। पूरी बारात के दौरान बच्चे 'पेड़ लगाओ जीवन बचाओ, धरती को सुंदर बनाओ', 'एक पेड़ दस पुत्र समाना' और 'धरती की यही पुकार, पेड़ लगाओ बार-बार' जैसे जोश से भरे नारे लगाकर लोगों को जागरूक कर रहे थे।
पेड़ों के बिना जीवन मुमकिन नहीं
प्रभात फेरी और बारात निकालने के बाद सभी बच्चों और वन कर्मियों ने स्कूल परिसर में पहुंचकर सामूहिक रूप से पौधरोपण किया। इस मौके पर वन क्षेत्राधिकारी राम संवरे यादव ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने के फायदे बताए। वहीं, कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह कैलाशी ने कहा कि पेड़-पौधों के बिना धरती पर जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। अगर हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी हम सब भी सेहतमंद और सुरक्षित रह पाएंगे।
इस पूरे अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करने और बारात को सफल बनाने में वन विभाग और स्कूल स्टाफ का पूरा योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से वन दरोगा फिरोज गांधी, जितेंद्र यादव, अभिषेक यादव, सुशील पाण्डेय, पिंटू, तेजबली पांडेय, मुन्नीलाल, छोटेलाल और विजय लाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








