जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

होली की खुशियां मातम में बदलीं, सरौली गांव में आग लगने से पिंटू यादव की पूरी गृहस्थी जलकर राख

बलुआ थाना क्षेत्र के सरौली गांव में बुधवार को भीषण आगजनी की घटना हुई। ममता देवी के टीनशेड मकान में लगी आग से नगदी, जेवर और सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। होली के दिन यह परिवार अब दाने-दाने को मोहताज है।

 
 

बलुआ के सरौली गांव में अज्ञात कारणों से भीषण आगजनी

घर में रखा 30 हजार नगद और गहने जलकर हुए राख

पंजाब से होली मनाने आए पिंटू यादव का आशियाना उजड़ा

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

प्रधान अनिल यादव ने प्रशासन से की मुआवजे की मांग

चंदौली जनपद अंतर्गत बलुआ थाना क्षेत्र के सरौली गांव में बुधवार की दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। जहाँ पूरा देश होली के जश्न में डूबा था, वहीं सरौली निवासी पिंटू यादव के परिवार के लिए यह दिन खुशियों की जगह तबाही लेकर आया। अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग में ममता देवी का पूरा घर और घर-गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।

पंजाब से होली मनाने घर लौटे थे पिंटू
जानकारी के अनुसार, सरौली गांव निवासी पिंटू यादव पंजाब में एक तबेले में नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वे महज दो दिन पहले ही होली मनाने के लिए अपने गांव लौटे थे। बुधवार को पिंटू गांव में अन्य लोगों के साथ होली खेलने और अबीर-गुलाल लगाने बाहर गए थे, जबकि उनकी पत्नी ममता देवी घर पर अन्य महिलाओं के साथ त्योहार मना रही थीं।

अचानक भड़की आग ने लिया विकराल रूप
दोपहर के समय ममता देवी के टीनशेड वाले मकान में, जिसे चारों तरफ से पुआल और लकड़ियों से घेरा गया था, अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। पुआल होने के कारण आग ने चंद सेकंडों में ही विकराल रूप धारण कर लिया। घर के अंदर मौजूद महिलाएं जान बचाकर बाहर की तरफ भागीं। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

जेवर और फ्रिज-टीवी सब जलकर राख
इस भीषण अग्निकांड में परिवार का सबकुछ नष्ट हो गया। ममता देवी ने बताया कि घर में रखे 30 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के गहने, अनाज, फ्रिज, पंखा, टीवी और बच्चों के कपड़े समेत पूरी गृहस्थी जल गई है। पीड़िता के अनुसार, उनके पास अब केवल वही कपड़े बचे हैं जो उन्होंने शरीर पर पहने हुए हैं। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे आने को मजबूर है।

ग्रामीणों ने पाया काबू
आग लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। शोर सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निजी संसाधनों व पानी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझती, तब तक सब कुछ जल चुका था। ग्राम प्रधान अनिल यादव ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी सहायता मिल सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*