सकलडीहा से तगादा कर लौट रहे व्यापारी पर जानलेवा हमला, चार नकाबपोश बदमाशों ने लूटे 1.20 लाख
चंदौली के बलुआ में चहनिया के थोक व्यापारी रतन बरनवाल से चार नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर 1.20 लाख रुपये छीन लिए। वारदात से आक्रोशित व्यापारियों ने जल्द खुलासे न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सकलडीहा से तगादा कर लौट रहा व्यापारी
चार नकाबपोश बदमाशों का लाठी-डंडों से हमला
सिर में गंभीर चोट, 1.20 लाख लूटे
घटना के विरोध में व्यापारियों में भारी आक्रोश
पुलिस ने गठित की विशेष जांच टीम
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। चहनिया कस्बे में पतंजलि के थोक व्यापारी रतन बरनवाल शुक्रवार की रात सकलडीहा क्षेत्र से बकाये का तगादा करके अपनी बाइक से बलुआ सराय स्थित घर लौट रहे थे। तभी सराय-रानेपुर मार्ग पर टेढ़की पुलिया के पास चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली।
लाठी-डंडों से हमला कर 1.20 लाख रुपये लूटे
बदमाशों ने व्यापारी रतन बरनवाल पर लाठी-डंडों से अंधाधुंध हमला कर दिया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वे सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने उनके झोले और पर्स में रखे करीब 1 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए और रानेपुर की तरफ भाग निकले। जब तक घायल व्यापारी ने शोर मचाया, तब तक नकाबपोश बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे।
घायल व्यापारी को देख व्यापारियों में फैला आक्रोश
घटना के तुरंत बाद पीड़ित व्यापारी बलुआ थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई। इस वारदात की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके के व्यापारियों में भारी गुस्सा फैल गया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कहा कि व्यापारियों के साथ लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो व्यापारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
सीओ बोले- जल्द होगा पर्दाफाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस आसपास के मार्गों के सीसीटीवी कैमरों, संदिग्धों और साक्ष्यों को खंगाल रही है, और जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







