जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

CDO का सकलडीहा में औचक निरीक्षण: धरहरा में खेल मैदान के काम में सुस्ती देख भड़के साहब

चंदौली के मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं ने सकलडीहा के धरहरा में निर्माणाधीन खेल मैदान का निरीक्षण किया। काम की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने गुणवत्ता से समझौता न करने और जमीन विवाद जल्द निपटाने के निर्देश दिए।

 

सकलडीहा के धरहरा में खेल मैदान का निरीक्षण

निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर जताई कड़ी नाराजगी

यूपीपीसीएल के इंजीनियरों को काम में तेजी लाने के निर्देश

निर्माण सामग्री और मैटेरियल की नियमित होगी जांच

जमीन विवाद निपटाने के लिए एसडीएम को निर्देश जारी

चंदौली जिले के विकास कार्यों को समय पर और सही ढंग से पूरा कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। गुरुवार (02 जुलाई 2026) को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर जगत साँई ने विकास खण्ड सकलडीहा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत धरहरा में बन रहे खेल मैदान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जब सीडीओ ने मौके पर काम की रफ्तार बेहद सुस्त देखी, तो उन्होंने अधिकारियों के प्रति गहरी नाराजगी जताई।

chandauli-cdo-jagat-sai-inspects-dhara-sports-ground-2026

इंजीनियरों को दी आखिरी चेतावनी
सीडीओ आर जगत साईं ने निर्माण कार्य में ढिलाई बरतने पर कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल (UPPCL) के अवर अभियंता (JE) और सहायक अभियंता (AE) को मौके पर ही जमकर फटकार लगाई। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि निर्माण कार्य की गति में तुरंत तेजी लाई जाए और तय की गई समय सीमा के अंदर इस खेल मैदान के काम को हर हाल में पूरा कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गुणवत्ता और मैटेरियल की होगी सख्त जांच
मुख्य विकास अधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि विकास कार्यों और निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी को कभी भी माफ नहीं किया जाएगा। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि पूरा निर्माण कार्य तय सरकारी मानकों के अनुसार ही होना चाहिए। मानक के विपरीत काम को रोकने के लिए टेक्निकल टीमों द्वारा समय-समय पर खेल मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले मैटेरियल की भी लैब जांच होती रहेगी।

जमीन विवाद सुलझाने के लिए एसडीएम को निर्देश
निरीक्षण के दौरान यह बात भी सामने आई कि कुछ स्थानीय जमीन विवाद के कारण खेल मैदान के काम में रुकावट आ रही है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने मौके पर ही मौजूद उप जिलाधिकारी (SDM) कुंदन राज कपूर को कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व टीम को लगाकर जमीन के इस विवाद का तुरंत स्थायी निस्तारण कराया जाए और बिना किसी देरी के पूरी जमीन कार्यदायी संस्था को सौंपी जाए ताकि काम बिना रुके आगे बढ़ सके। इस दौरान यूपीपीसीएल के सहायक अभियंता, अन्य संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*