कमालपुर व्यापार मण्डल चुनाव संपन्न: आनन्द रस्तोगी बने अध्यक्ष, दिलीप त्रिशूलिया महामंत्री और विनोद अग्रहरि कोषाध्यक्ष चुने गए
कमालपुर बाजार व्यापार मण्डल चुनाव परिणाम
आनन्द रस्तोगी बने व्यापार मण्डल अध्यक्ष
दिलीप त्रिशूलिया चुने गए महामंत्री पद पर
व्यापारियों में दिखा भारी उत्साह और जोश
चंदौली जिले के कमालपुर बाजार में व्यापार मण्डल का चुनाव भारी गहमागहमी और उत्साह के बीच स्थानीय रस्तोगी मैरिज लॉन में रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पिछले 22 दिनों से बाजार में चुनाव को लेकर लगातार सरगर्मी बनी हुई थी, जिसे लेकर व्यापारियों में काफी उत्सुकता देखने को मिली। इस चुनाव में महिला व्यापारी वोटरों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष और महामंत्री पद का परिणाम
कमालपुर बाजार में कुल 594 व्यापारी मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से कुल 558 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में आनन्द कुमार रस्तोगी ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें कुल 339 मत मिले और वे 127 वोटों से विजयी रहे, जबकि दूसरे स्थान पर रहे भरत कुमार रस्तोगी को 212 मत प्राप्त हुए (7 वोट निरस्त हुए)। वहीं, महामंत्री पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में थे, जिसमें दिलीप त्रिशूलिया ने 219 वोट पाकर पहला स्थान हासिल किया और 42 मतों से जीत दर्ज की। इस पद पर रितेश पाण्डेय को 177 और राजकुमार मौर्या को 154 वोट मिले, जबकि 8 मत निरस्त हुए। इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर विनोद अग्रहरि पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र
मुख्य चुनाव अधिकारी राकेश मोदनवाल ने सभी विजयी प्रत्याशियों को मौके पर ही जीत का प्रमाण पत्र सौंपा और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकान्त अग्रहरि ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि वे मिलकर बाजार के व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराएं और उनके हितों के लिए लगातार संघर्ष करें। उन्होंने जिला संगठन को मजबूती देने की बात भी कही।
प्रशासन और सहयोगियों का आभार
जिलाध्यक्ष ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस बल, चुनाव अधिकारियों और सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया। प्रदेश मंत्री व पर्यवेक्षक चन्द्रेश्वर जायसवाल ने भी सफल चुनाव के लिए सभी का आभार जताया। इस मौके पर अशोक केशरी, महमूद आलम, सतीश गुप्ता, कुंदन चौहान, चंदन सेठ, संतलाल मौर्य, दिनेश रस्तोगी, जयप्रकाश यादव, अजहर खान, भानु यादव, राजीव अग्रहरि, प्रदीप बंटी, रामबाबू, संतोष कुमार, धीरज अग्रहरि, धर्मेंद्र गुप्ता, निखिल गुप्ता, किशन कुमार और कमल सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







