जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में किन्नरों का हंगामा: घर पर बम हमले के विरोध में चहनिया चौराहा जाम, बुलडोजर कार्रवाई की मांग

चंदौली के चहनिया चौराहे पर किन्नर समाज ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया है। खुशबू किन्नर के घर पर हुए बम हमले से नाराज किन्नरों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने और कड़ी सजा की मांग की है।

 

चहनिया चौराहे पर किन्नरों का चक्काजाम

खुशबू किन्नर के घर पर बमबारी

आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने की मांग

सड़क पर लगा गाड़ियों का लंबा रेला

भारी पुलिस बल और अधिकारी तैनात

 चंदौली जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक सनसनीखेज मामले ने अब हिंसक विरोध का रूप ले लिया है। बलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत खुशबू किन्नर के आवास पर हुए बम हमले से नाराज होकर बुधवार को दर्जनों की संख्या में किन्नरों ने चहनिया चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण वाराणसी-सकलडीहा मार्ग पर घंटों तक आवागमन ठप रहा और सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।

देखिये विडियो https://www.youtube.com/shorts/739uPFgpGBc 

बम धमाके से दहल गया था मोहरगंज इलाका
मामला बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज का है, जहां खुशबू किन्नर अपना मकान बनाकर रहती हैं। उनके साथ करीब एक दर्जन से अधिक साथी भी वहां निवास करते हैं। बीते रविवार की रात एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। जब घर के भीतर लगभग 15 किन्नर सो रहे थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने मकान के पिछले हिस्से को निशाना बनाते हुए शक्तिशाली बम से हमला कर दिया। धमाका इतना जोरदार था कि पूरा इलाका दहल उठा। हालांकि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मकान को नुकसान पहुँचा और किन्नरों के मन में खौफ बैठ गया।

चहनिया चौराहे पर किन्नरों का प्रदर्शन और मांग
दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिसिया कार्रवाई से असंतुष्ट किन्नर समाज बुधवार को सड़क पर उतर आया। दर्जनों किन्नरों ने चहनिया चौराहे के बीचों-बीच बैठकर रास्ता रोक दिया। उनकी सबसे बड़ी और प्रमुख मांग यह है कि जिन बदमाशों ने खुशबू किन्नर के घर को उड़ाने की साजिश रची, उनके घरों पर प्रशासन का 'बुलडोजर' चलाया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह हमला केवल डराने के लिए नहीं, बल्कि सामूहिक हत्या की साजिश थी।

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा के इंतजाम
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम (SDM) सकलडीहा, सीओ (CO) सकलडीहा सहित कई थानों की पुलिस फोर्स पहुँच गई। अधिकारियों ने आक्रोशित किन्नरों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस प्रशासन ने बताया कि खुशबू किन्नर के घर को निशाना बनाने वाले तीन शातिर बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के पास से स्कॉर्पियो और भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद किया गया था।

जाम से जनता बेहाल, प्रशासन सतर्क
घंटों चले इस चक्काजाम के कारण आम जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यातायात सुचारू करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनएसए (NSA) और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है। वर्तमान में चहनिया चौराहे पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बनी हुई है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*