चहनियां अग्निकांड के पीड़ित गुप्ता परिवार से मिलने पहुंचीं राज्यसभा सांसद साधना सिंह, दी आर्थिक मदद और बंधाया ढाढ़स
चंदौली के चहनियां कस्बे में भीषण आगजनी और सड़क हादसे का शिकार हुए पीड़ित कारोबारी परिवार से शुक्रवार को राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने मुलाकात की। उन्होंने परिवार को नकद आर्थिक मदद दी और डीएम से फोन पर बात कर मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।
अग्निकांड पीड़ित परिवार से मुलाकात
राज्यसभा सांसद ने दी आर्थिक मदद
आगजनी में लाखों का सामान खाक
हादसे में घायल व्यापारी का इलाज जारी
डीएम से फोन पर की बात
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चहनियां कस्बे में तीन दिन पहले हुए भीषण अग्निकांड के बाद पीड़ितों को सांत्वना देने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को राज्यसभा सांसद साधना सिंह पीड़ित कारोबारी परिवार के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने इस भारी विपत्ति की घड़ी में परिवार का हालचाल जाना, उन्हें नकद आर्थिक सहायता प्रदान की और शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सरकारी मदद दिलाने का पक्का भरोसा दिया।

आग की खबर सुन आ रहा भाई हादसे का शिकार
जानकारी के मुताबिक, खंडवारी रानेपुर गांव के रहने वाले अजय गुप्ता और विजय गुप्ता की चहनियां कस्बे में थोक किराना की एक बड़ी दुकान है। मंगलवार की रात अज्ञात कारणों से दुकान में भयंकर आग लग गई थी, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया था। इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही जब विजय गुप्ता पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) से बाइक द्वारा चहनियां आ रहे थे, तभी रास्ते में वे एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल विजय का इलाज इस समय वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
सांसद ने मौके से ही जिलाधिकारी को फोन घुमाया
एक तरफ दुकान में आग और दूसरी तरफ भाई का एक्सीडेंट, इस दोहरी मुसीबत से टूटे गुप्ता परिवार को ढांढस बंधाते हुए सांसद साधना सिंह ने कहा कि संकट के समय सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अपनी तरफ से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद सौंपी और मौके से ही चंदौली के जिलाधिकारी (डीएम) से फोन पर बात की। सांसद ने डीएम को इस दोहरे हादसे की गंभीरता बताते हुए पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित सरकारी मुआवजा और सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुलाकात के दौरान भाजपा नेता रहे मौजूद
सांसद साधना सिंह ने परिवार को आश्वस्त किया कि वे घायल विजय गुप्ता के इलाज और दुकान के नुकसान की भरपाई के लिए लगातार अधिकारियों के संपर्क में रहेंगी। इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा, आनंद सिंह, अतुल सिंह 'प्रिंस', गोपाल गुप्ता, डॉ. अजय सिंह सहित दर्जनों स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








