कर्मनाशा के बाढ़ के पानी में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत: बरहनी के दैथा गांव में मातम, परिजनों में मचा कोहराम
चंदौली के बरहनी क्षेत्र अंतर्गत दैथा गांव में बाढ़ के पानी से भरे खेत में पैर फिसलने से 21 वर्षीय रामदेव उर्फ सोनू की डूबकर मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद शव बरामद हुआ, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
कर्मनाशा नदी बाढ़ में डूबा युवक
दैथा गांव निवासी सोनू की मौत
खेत में पैर फिसलने से हादसा
कंदवा पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
परिजनों में कोहराम गांव में मातम
चंदौली जनपद के बरहनी विकासखंड अंतर्गत कर्मनाशा नदी के तटवर्ती दैथा गांव में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खेतों में फैले बाढ़ के गहरे पानी में डूबने से 21 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
खेत की ओर गया था युवक, पैर फिसलने से हुआ हादसा
दैथा गांव निवासी सुदेश्वर पांडेय का 21 वर्षीय पुत्र रामदेव उर्फ सोनू पांडेय गुरुवार को अपने खेत की तरफ गया हुआ था। इलाके में कर्मनाशा नदी का जलस्तर बढ़ने से चारों तरफ खेतों में बाढ़ का पानी भरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि रास्ते में अचानक पैर फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
काफी तलाश के बाद पानी से बाहर निकाला गया शव
जब काफी देर बीत जाने के बाद भी रामदेव घर वापस नहीं लौटा, तो चिंतित परिजन उसकी खोजबीन करते हुए खेतों की तरफ पहुंचे। पानी में डूबने के अंदेशे पर ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की गई, जिसके बाद युवक का शव बरामद हुआ। परिजन शव को पानी से बाहर निकालकर घर ले आए।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था मृतक, मां का रो-रोकर बुरा हाल
युवक की असमय मौत की खबर से मां मीरा देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक रामदेव अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के चलते खेतों में पानी का सही अंदाजा नहीं लग पा रहा है, जिससे लगातार खतरा बना हुआ है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना पर कंदवा थानाध्यक्ष विनोद कुमार आंचल और रामपुर चौकी प्रभारी विजय राय पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और गहरे पानी के आसपास सतर्क रहने की अपील की है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







