जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

अघोषित बिजली कटौती से भड़के चंदौली के किसान, अमड़ा पावर हाउस पर जड़ा ताला, भारी पुलिस फोर्स तैनात

चंदौली के अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर लगातार कटौती और लो-वोल्टेज से नाराज किसानों ने ताला जड़कर उग्र प्रदर्शन किया। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ बिजली विभाग के आला अधिकारी किसानों को समझाने में जुटे हैं।

 

अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर तालाबंदी

अघोषित बिजली कटौती से आक्रोश

धान की फसलों पर संकट

चिरईगांव में नए उपकेंद्र की मांग

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

 

 जिले के धीना क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार हो रही ट्रिपिंग से आजिज आकर किसानों के सब्र का बांध टूट गया। गुरुवार को भारी संख्या में एकत्रित हुए स्थानीय किसानों ने अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। प्रदर्शनकारी किसानों का साफ तौर पर आरोप है कि धान के इस मुख्य सीजन में उन्हें पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। इसके चलते धान की नर्सरी सूख रही है और फसलों की समुचित सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है। अगर यही स्थिति रही तो किसानों को इस साल भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

कर्मनाशा नदी तटवर्ती क्षेत्र के हजारों उपभोक्ता परेशान, नए उपकेंद्र की मांग
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ग्रामीण मुन्ना सिंह, रतन कुमार सिंह, दरोगा राय, पंकज राय और दिवाकर पांडेय सहित अन्य किसानों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि अमड़ा उपकेंद्र पर क्षमता से अधिक लोड होने का खामियाजा कर्मनाशा नदी तटवर्ती क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन के सामने मांग रखी कि ररूआ पावरहाउस के स्वतंत्र फीडर (जो वीरासराय पंप कैनाल लाइन से टैप है) के माध्यम से चिरईगांव में 10 एमवीए क्षमता का एक नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाए। इससे अमड़ा का अतिरिक्त लोड कम होगा और नौबतपुर पोखरा रेलवे क्रॉसिंग, चारी, चिरईगांव, दैथा, मुड्डा, धनाईतपुर, अरंगी, परसिया, रामपुर और महुजी कुआं जैसे दर्जनों गांवों को निर्बाध बिजली मिल सकेगी।

मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के आला अफसर और तीन थानों की पुलिस फोर्स
विद्युत उपकेंद्र पर तालाबंदी और उग्र प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कानून-व्यवस्था संभालने के लिए सीओ चंदौली के नेतृत्व में कंदवा, सकलडीहा और सैयदराजा थानों की भारी पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई है। वहीं किसानों को शांत कराने और तकनीकी पहलुओं पर बात करने के लिए अधीक्षण अभियंता (एसई), अधिशासी अभियंता (एक्सईएन), एसडीओ और संबंधित जेई भी अमड़ा उपकेंद्र पर पहुंच चुके हैं। खबर लिखे जाने तक किसानों का धरना और प्रदर्शन स्थल पर ही जारी था, जबकि प्रशासनिक अधिकारी आंदोलनकारी किसानों से वार्ता कर बीच का रास्ता निकालने का प्रयास कर रहे थे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*