जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सकलडीहा में दूध विक्रेता को लाठी-डंडों से पीटा, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

सकलडीहा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दूध बेचने जा रहे राजेंद्र यादव पर आधा दर्जन लोगों ने हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट आने पर उन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहाँ पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

 
 

सकलडीहा में पुरानी रंजिश में हमला

दूध ले जा रहे अधेड़ पर हमला

मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त, दूध सड़क पर बहाया

जिला अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

4 नामजद व 2 अज्ञात पर दर्ज FIR

चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र स्थित अलहिया नई कोट माइनर पुल के पास पुरानी रंजिश को लेकर एक अधेड़ पर जानलेवा हमला करने की घटना सामने आई है। पीड़ित राजेंद्र यादव पुत्र श्यामनारायण यादव रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल से डेयरी पर दूध देने जा रहे थे। तभी पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और विवाद करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

सिर पर कई वार से गंभीर रूप से घायल
आरोपियों ने राजेंद्र यादव के सिर पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। हमले के दौरान दबंगों ने उनकी मोटरसाइकिल को भी काफी नुकसान पहुंचाया।

साथ ही दूध से भरे बर्तनों को गिराकर सड़क पर बहा दिया, जिससे पीड़ित को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

जिला अस्पताल में इलाज जारी, परिजनों में हड़कंप
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल राजेंद्र यादव को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने के बाद सकलडीहा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए।

आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर सकलडीहा पुलिस ने चार नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*