बलुआ बम ब्लास्ट मामले में नया मोड़: पीड़िता खुशबू किन्नर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, चहनिया में तनाव
चंदौली के चर्चित बम ब्लास्ट मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए पीड़िता खुशबू किन्नर को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे के बाद हुई इस कार्रवाई से चहनिया क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
खुशबू किन्नर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
चहनिया क्षेत्र में भारी पुलिस फोर्स तैनात
बम ब्लास्ट मामले की जांच जौनपुर पुलिस के पास
आरोपी की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
सरकारी संपत्ति की क्षति और धमकी का आरोप
चंदौली: जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चर्चित बम ब्लास्ट मामले में पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए पीड़िता खुशबू किन्नर को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में संभावित विरोध और तनाव को देखते हुए चहनिया में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
जानकारी के अनुसार, बम ब्लास्ट मामले के आरोपी की माता बबिता सिंह की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। खुशबू किन्नर, अंकित सिंह तथा 30 से 40 अन्य अज्ञात किन्नरों के खिलाफ कुल 7 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि सरकारी संपत्ति को क्षति पहुँचाने, धमकी देने तथा चक्का जाम करने जैसे गंभीर आरोपों के आधार पर यह गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है।
क्या था पूरा मामला?
बीते दिसंबर महीने में मोहरगंज स्थित खुशबू किन्नर के आवास पर एक भीषण बम ब्लास्ट हुआ था। इस घटना ने पूरे जिले को दहला दिया था। जांच के दौरान पुलिस ने अभिषेक सिंह टिंकू और विकास सिंह सहित पांच आरोपियों को पहले ही जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से विस्फोटक जिलेटिन रॉड भी बरामद करने का दावा किया था।
जौनपुर पुलिस करेगी मामले की जांच
मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए शासन ने इस हाई-प्रोफाइल बम ब्लास्ट कांड की जांच जौनपुर पुलिस को सौंप दी है। अब पीड़िता से आरोपी बनी खुशबू किन्नर की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई नए सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल, पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और चहनिया बाजार सहित संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







