सकलडीहा के 'अंधे मोड़' पर सड़क हादसे में युवक की मौत, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
चंदौली के सकलडीहा में एक और दर्दनाक हादसा। पीथापुर गांव के असुरक्षित मोड़ ने एक युवक की जान ले ली। प्रशासन की लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीण अब सड़क सुरक्षा और स्पीड ब्रेकर की तत्काल मांग कर रहे हैं।
सकलडीहा के पीथापुर में सड़क हादसा
अंधे मोड़ पर युवक की मौत
प्रशासन की लापरवाही से बढ़ा आक्रोश
सड़क पर सुरक्षा मानकों की कमी
ग्रामीणों ने की ब्रेकर की मांग
चंदौली जनपद के सकलडीहा थाना अंतर्गत पीथापुर गांव के समीप का मोड़ इन दिनों 'काल' बना हुआ है। हाल ही में रामगढ़ के महाराजगंज निवासी नंदलाल राम की सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई। मृतक अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम से शामिल होकर अपने घर लौट रहा था। इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुविधाओं का घोर अभाव
ग्रामीणों के अनुसार, यह मोड़ दुर्घटनाओं का 'हॉटस्पॉट' बन चुका है। यहाँ न तो कोई चेतावनी बोर्ड (साइन बोर्ड) लगा है और न ही वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर मौजूद हैं। सबसे बड़ी समस्या रात के समय अंधेरे की है, जिससे चालक अपना संतुलन खो देते हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुभाष बिन्द का कहना है कि सड़क बनने के बाद से अब तक दर्जनों लोग यहाँ दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग पूरी तरह मूकदर्शक बना हुआ है।

सुरक्षा की मांग और पुलिस कार्रवाई
युवक की असामयिक मौत से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल प्रभाव से यहाँ 'साइन बोर्ड' लगाने, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने और स्पीड ब्रेकर बनाने की पुरजोर मांग की है। नई बाजार पुलिस मामले की जांच कर रही है। सवाल यह है कि प्रशासन कब तक इन मौतों का इंतजार करेगा? क्या किसी और की जान जाने के बाद ही यहाँ सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होगी?
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








