SP आकाश पटेल का बड़ा एक्शन: महिला और थाने में फरियादी की पिटाई का मामला, कोतवाली व चौकी इंचार्ज नपे
चंदौली जिले में फरियादी की पिटाई और महिला पर लाठी चलाने के गंभीर आरोपों पर एसपी आकाश पटेल ने सख्त कार्रवाई की है। मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह और सकलडीहा कस्बा इंचार्ज वरुणेंद्र राय को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी आकाश पटेल की बड़ी कार्रवाई
मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप लाइन हाजिर
सकलडीहा कस्बा इंचार्ज पर भी गाज
महिला व फरियादी पिटाई मामला भारी
कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप
एसपी आकाश पटेल की बड़ी कार्रवाई
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 26, 2026
मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप लाइन हाजिर
सकलडीहा कस्बा इंचार्ज पर भी गाज@Uppolice @chandaulipolice @mughalsaraicdi @IgRangeVaranasi pic.twitter.com/krDUbCP71Y
चंदौली जिले में खाकी पर लगे पिटाई के गंभीर आरोपों पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। थानों और कस्बों में आम जनता के साथ दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज के मामलों का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसपी ने मुगलसराय थानाध्यक्ष और सकलडीहा के कस्बा इंचार्ज दोनों के खिलाफ त्वरित अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत दोनों पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मुगलसराय थाना परिसर में फरियादी की पिटाई और गाली देने का मामला
पहला मामला मुगलसराय थाना परिसर से जुड़ा है, जहां पीड़ित सुनील पटेल एक महिला की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और पैरवी के सिलसिले में थाने पहुंचे थे। आरोप है कि थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने उनके साथ अभद्रता की, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उनकी पिटाई भी की। पीड़ित द्वारा इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था। एसपी आकाश पटेल ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर को जांच सौंपी और समरसता व पारदर्शी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया।
सकलडीहा कस्बा इंचार्ज पर गिरी गाज
दूसरा मामला सकलडीहा कस्बे से सामने आया था, जहां सोमवार को सूअर का मांस बेचने के विवाद के दौरान विरोध करने पर कस्बा इंचार्ज वरुणेंद्र राय द्वारा एक महिला की लाठियों से बेदर्दी से पिटाई करने का आरोप लगा। महिला के शरीर पर उभरे जख्मों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और समाचार पत्रों में प्रमुखता से खबर छपने के बाद एसपी ने मामले का गंभीरता से संज्ञान लिया। अपने उत्तेजक व्यवहार के लिए पूर्व में भी चर्चा में रहे कस्बा इंचार्ज वरुणेंद्र राय को भी एसपी ने तुरंत लाइन हाजिर कर दिया।
पुलिस छवि सुधारने की दिशा में कड़ा संदेश
एसपी आकाश पटेल द्वारा की गई इस दोहरी कार्रवाई से जिले में यह स्पष्ट संदेश गया है कि आम जनता, महिलाओं या फरियादियों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोनों मामलों में विभागीय जांच बैठा दी गई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त विधिक व प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







