जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

खेत की आग बनी काल, तम्बागढ़ में 20 घर जलकर राख, कई महिलाएं और बच्चे झुलसे

चंदौली के तम्बागढ़ गांव में खेतों में लगाई गई आग ने भीषण रूप ले लिया, जिससे 20 घर जलकर राख हो गए। हादसे में कई महिलाएं और बच्चे झुलस गए, जबकि फायर ब्रिगेड के देरी से पहुंचने पर भारी आक्रोश है।

 
 

तम्बागढ़ गांव में भीषण आग लगी

खेतों में आग से उजड़ा घर

अगलगी में कई लोग झुलसे

20 घर जलकर हुए राख

प्रशासन की देरी पर ग्रामीणों का आक्रोश

चंदौली जिले के तम्बागढ़ गांव में बुधवार को खेतों में ठूंठ जलाने के लिए लगाई गई आग ने एक भयावह रूप ले लिया, जिसने देखते ही देखते पूरी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब 20 घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस भीषण हादसे में कई महिलाएं और मासूम बच्चे बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आग की चपेट में आने से दो बाइक, साइकिलें और गृहस्थी का सारा कीमती सामान जलकर खाक हो गया।

Image

खेतों से शुरू हुई तबाही
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांव के बाहर खेतों में ठूंठ जलाने के लिए आग लगाई गई थी। तेज हवाओं के कारण चिंगारियां उड़कर बस्ती तक पहुंच गईं और देखते ही देखते कच्चे-पक्के मकानों ने आग पकड़ ली। घर के अंदर रखे एलपीजी सिलेंडर धमाके के साथ फटने से स्थिति और भी विस्फोटक हो गई। आग की भयावहता देख ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई, लोग अपनी जान बचाने और घरों को बचाने की जद्दोजहद में जुट गए।

Image

मदद के लिए आगे आए पूर्व विधायक
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन और फायर ब्रिगेड के इंतजार में समय बर्बाद करने के बजाय उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर खुद मोर्चा संभाला और निजी संसाधनों के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि उनके इलाज और नुकसान की भरपाई के लिए वे हर संभव कोशिश करेंगे।

प्रशासन की लापरवाही और ग्रामीणों का आक्रोश
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आग लगने की सूचना के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई और नुकसान का दायरा बढ़ गया। मौके पर पुलिस की अनुपस्थिति को लेकर भी लोगों में भारी गुस्सा है। सिलेंडर फटने के डर और अन्य घरों में सिलेंडर मौजूद होने से अभी भी पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

न्यायिक जांच और मुआवजे की मांग
घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मनोज सिंह डब्लू ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि ठूंठ जलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई, तो ऐसे दुस्साहस और बढ़ेंगे, जिससे जनहानि की संभावना बनी रहेगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*