धानापुर के दशमी पोखरा पर बड़ा हादसा: 11 हजार वोल्ट के करंट से झुलसकर वाराणसी के युवक ने तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस
चंदौली के दशमी पोखरा पर छठ पूजा का पोस्टर लगाते समय 18 वर्षीय युवक 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
छठ पूजा का पोस्टर लगाते समय हुआ बड़ा हादसा
11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से लगा करंट
वाराणसी निवासी 18 वर्षीय कार्तिक की दर्दनाक मौत
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित किया
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा
चंदौली जिले में छठ पूजा की तैयारियों और उत्साह के बीच एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके की खुशियों को मातम में बदल दिया है। दशमी पोखरा के पास छठ पूजा का पोस्टर लगाते समय ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक 18 वर्षीय युवक की जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
वाराणसी का रहने वाला था मृतक युवक
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान शिवपुर आवास, वाराणसी निवासी किशन के 18 वर्षीय पुत्र कार्तिक उर्फ बाबू प्रजापति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार्तिक दशमी पोखरा के पास छठ पूजा से जुड़ा एक पोस्टर लगा रहा था। इसी दौरान उसका ध्यान ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार पर नहीं गया और वह अचानक उसकी चपेट में आ गया। बिजली का करंट इतना तेज था कि जोरदार झटका लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने बिना देर किए आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसे युवक को उठाया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धानापुर पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने युवक की जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही युवक की मौत की खबर उसके परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम और चीख-पुकार मच गई।
इलाके में पसरा मातम, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
महापर्व छठ की तैयारियों के बीच हुई इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र के लोगों को गमगीन कर दिया है, वहीं एक जवान बेटे की असमय मौत से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस पूरे मामले के संबंध में सकलडीहा क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्णमुरारी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भर लिया है और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







