जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

जिला न्यायालय निर्माण की मांग उठाने वाले अधिवक्ताओं के नाम आया CM योगी का लेटर, दिया सुविधाओं का भरोसा

चंदौली में जिला न्यायालय भवन निर्माण की मांग उठाने वाले अधिवक्ता शैलेन्द्र कुमार सिंह और अनिल कुमार सिंह को सीएम योगी ने प्रशंसा पत्र भेजकर सुविधाओं के विस्तार का भरोसा दिया।
 

सीएम योगी ने चंदौली के अधिवक्ताओं को भेजा प्रशंसा पत्र

जिला न्यायालय भवन निर्माण की मांग पर की सराहना

अधिवक्ता कल्याण निधि बढ़ाकर की गई पांच लाख रुपये

नए न्यायालय भवन, चैंबर और पार्किंग का होगा विस्तार

वकीलों और उनके परिवारों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा

चंदौली जिले में जिला न्यायालय भवन निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे अधिवक्ताओं के प्रयासों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सराहा है। मुख्यमंत्री की ओर से पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता शैलेन्द्र कुमार सिंह के नाम एक विशेष प्रशंसा पत्र भेजा गया है। इस पत्र में शैलेन्द्र कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह सहित अन्य अधिवक्ताओं के सकारात्मक कार्यों और समाज के प्रति उनके योगदान की जमकर तारीफ की गई है। मुख्यमंत्री का यह पत्र मिलने के बाद जिले के अधिवक्ता समाज में उत्साह का माहौल है।

प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बाद आया मुख्यमंत्री का जवाब
गौरतलब है कि बीते दिनों अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इस भेंट के दौरान अधिवक्ताओं ने चंदौली में जिला न्यायालय भवन के निर्माण और जनपद की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। इसी मुलाकात और अधिवक्ता समाज के हितों के प्रति उनकी सक्रियता के जवाब में मुख्यमंत्री ने यह प्रशंसा पत्र भेजकर उनके प्रयासों का सम्मान किया है।

न्यायपालिका और नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं अधिवक्ता
अपने पत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिवक्ताओं की भूमिका को बेहद अहम बताया। उन्होंने लिखा कि अधिवक्ता न्यायपालिका और आम नागरिकों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। संविधान की रक्षा करने, नागरिकों के अधिकारों को सुरक्षित रखने और समाज में कानून का राज (विधि का शासन) सुनिश्चित करने में अधिवक्ताओं का योगदान अतुलनीय है। सीएम योगी ने वकीलों से विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने तथा आम लोगों को सरकार के सकारात्मक बदलावों से अवगत कराने की अपील भी की।


चंदौली में जिला न्यायालय निर्माण की मांग उठाने वाले अधिवक्ताओं को सीएम योगी ने भेजा प्रशंसा पत्र

कल्याण निधि बढ़कर हुई 5 लाख, चैंबर और पार्किंग का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने पत्र के जरिए अधिवक्ताओं के हित में चल रही सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता कल्याण निधि की सहायता राशि को 1.50 लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया गया है और सहायता की अधिकतम आयु सीमा भी 70 वर्ष तय की गई है। इसके साथ ही वकीलों और उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने, नए न्यायालय भवनों, अधिवक्ता चैंबर और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम हो रहा है।

प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों को भी मिला सम्मान
मुख्यमंत्री से मिलने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में अनिल कुमार सिंह के साथ उपेंद्र सिंह, श्याम सुंदर, समसुद्दीन, वीरेंद्र यादव, ढाड़ी, सुल्तान अहमद और ओमप्रकाश सिंह सहित कई अन्य अधिवक्ता शामिल थे। प्रशासन की ओर से प्रतिनिधिमंडल के इन सदस्यों को भी मुख्यमंत्री के प्रशंसा पत्र भेजे गए हैं। इस सम्मान और आश्वासन के लिए पूरे अधिवक्ता समाज ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*