कांग्रेस महासचिव के नेतृत्व में पुरुष-महिलाओं ने तहसील का किया घेराव, जानिए क्या है असली मुद्दा

सकलडीहा तहसील मुख्यालय का घेराव
उपजिला अधिकारी ने दिया रटा रटाया आश्वासन
नाले की छोटी पुलिया को बड़ी करने की मांग
चंदौली जनपद के सकलडीहा तहसील मुख्यालय का शुक्रवार को कई गांव के किसान के रूप में पुरुष एवं महिलाओं ने तहसील का घेराव करते हुए चंदौली सैदपुर मार्ग के सकलडीहा कस्बा में नाले पर बने छोटी पुलिया को बड़ी करने की मांग किया। यह घेरा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना के नेतृत्व में किसानों ने किया। कांग्रेस महासचिव ने अधिकारियों पर हीलाहवाली का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि लगभग एक दर्जन से अधिक गांवों के किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। इसकी चिंता अधिकारियों को नहीं है।

आपको बता दें कि जनपद के सकलडीहा तहसील मुख्यालय पर किसानों व महिलाओं की समस्या को लेकर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों व क्षेत्रीय किसानों व महिलाओं ने सैकड़ों की संख्या में तहसील मुख्यालय का घेराव किया व धरना प्रदर्शन किया।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि चंदौली सैदपुर मार्ग पर सकलडीहा कस्बा के प्रतीक्षा हॉस्पिटल के पास ठेकेदारों व अधिकारियों की मिली भगत से निर्माणाधीन पुलिया को सकरी बनाने की साजिश हो रहीं हैं, जिसके कारण ग्रामसभा- टिमिलपुरा, तेंदुई, ताजपुर, बथावर, दरियापुर, इब्राहिमपुर, रेवसा, घरचित, सरेहुआ कला व खुर्द सहित दर्जनों ग्राम सभाओं में जल निकासी की समस्या से किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। जिसको कांग्रेस पार्टी व किसान संगठन क़तई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
अपने संबोधन में कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि तहसील सकलडीहा के आला अधिकारियों ने किसानों के मुख्यालय कूँच की सूचना पाते ही तहसील छोड़कर फ़रार हो गये। धरना को संबोधित करते हुए किसान नेता राम अवतार सिंह ने तहसील प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे ठंड में सभी जगह अलाव नहीं जला और ना ही ग़रीबों में कंबल वितरण किया गया।
इस संबंध में उपजिला अधिकारी सकलडीहा अनुपम मिश्रा ने बताया कि आज घरौनी वितरण का कार्यक्रम था। तहसील के सभी लोग जगह जगह लगे थे। मैं भी विधायक जी के साथ घरौनी वितरण कार्यक्रम में व्यस्त था। पुलिया निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता ने बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा है। जैसे ही बजट आएगा..इसका निर्माण प्राथमिकता में होगा।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*