जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मछली पकड़ रहे मछुआरों के जाल में फंसा मगरमच्छ का बच्चा, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

अचानक हुई इस स्थिति ने मछुआरों को कुछ पल के लिए विचलित कर दिया, मगर उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए जाल को नियंत्रित किया और सुरक्षित तरीके से मगरमच्छ के बच्चे को बाहर निकाल लिया।
 

बिजयी का पूरा गांव में रात के समय मचा हड़कंप

मछुआरों ने बड़ी मछली समझकर खींचा जाल

ध्यान से देखने पर निकला मगरमच्छ का बच्चा

मौके पर जुटी ग्रामीणों की भारी भीड़

चंदौली जिले के चहनियां क्षेत्र के ग्राम बिजई का पूरा में बुधवार की रात उस समय सनसनीखेज घटना हुई, जब मछुआरों के जाल में अचानक एक मगरमच्छ का बच्चा फंस गया। घटना ने ग्रामीणों को हिलाकर रख दिया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मछुआरों की हिम्मत से टला हादसा

आपको बता दें कि मछली पकड़ रहे मछुआरे राघव निषाद, पी.एन. निषाद और शोभनाथ निषाद ने पहले तो यह समझा कि जाल में कोई बड़ी मछली फंसी है। लेकिन जब ध्यान से देखा तो पाया कि वह एक मगरमच्छ का बच्चा है। अचानक हुई इस स्थिति ने मछुआरों को कुछ पल के लिए विचलित कर दिया, मगर उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए जाल को नियंत्रित किया और सुरक्षित तरीके से मगरमच्छ के बच्चे को बाहर निकाल लिया।

ग्रामीणों में दहशत

घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बताया कि इस इलाके में नदी और तालाबों के किनारे अक्सर मगरमच्छ देखे जाते हैं, लेकिन मछली पकड़ने के दौरान जाल में मगरमच्छ फंसने का यह पहला मामला है। इस वजह से ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल बन गया।

विभाग से उठी मांग

स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की कि ऐसे जलीय जीवों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया जाए, जिससे लोगों में भय का वातावरण न रहे और मछुआरे भी निश्चिंत होकर अपनी जीविका चला सकें।

सतर्कता की नसीहत

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सतर्कता न बरती जाती तो यह घटना हादसे का रूप भी ले सकती थी। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि नदियों और तालाबों में जाल डालते समय मछुआरों को सावधानी और सतर्कता के साथ काम करना आवश्यक है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*