जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में ट्रेन के अंदर मर्डर से सनसनी: सकलडीहा के पास सिर में गोली मारकर हत्या, शव को पटरी पर फेंका

DDU-ताड़ीघाट  पैसेंजर एक्सप्रेस में सफर के दौरान विवाद के बाद एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर शव को नीचे फेंक कर सकलडीहा के पास फरार हो गया। पुलिस और जीआरपी मामले की जांच में जुटी है।

 

चलती ट्रेन में सिर में मारी गोली

हत्या के बाद शव को नीचे फेंका

सकलडीहा के पास हमलावर हुआ फरार

हमलावर के पास थे दो पिट्ठू बैग

जीआरपी और कई थानों की पुलिस तैनात

डीडीयू-तारीघाट पैसेंजर में सनसनीखेज वारदात: सिर में गोली मारकर हत्या, शव को ट्रेन से बाहर फेंका

चंदौली जिले में DDU-ताड़ीघाट  पैसेंजर एक्सप्रेस में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब चलती ट्रेन में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ हमलावर ने युवक के शव को ट्रेन से नीचे फेंक दिया और सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की गति धीमी होने पर कूदकर फरार हो गया। इस दुस्साहसिक घटना से यात्रियों में दहशत का माहौल व्याप्त है।


विवाद के बाद मारी सिर में गोली
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक और हमलावर दोनों एक ही कोच में साथ सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ा कि अज्ञात हमलावर ने पिस्टल निकालकर युवक के सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज से कोच में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी ने सबूत मिटाने या दहशत फैलाने के इरादे से शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया।

दो पिट्ठू बैग लेकर फरार हुआ हमलावर
बताया जा रहा है कि हमलावर के पास दो पिट्ठू बैग थे। सकलडीहा क्षेत्र के पास जैसे ही ट्रेन की रफ्तार कुछ कम हुई, वह मौका देखकर नीचे उतर गया और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकला। घटना की सूचना एक यात्री ने तत्काल डायल 112 पर दी, जिसके बाद जिला पुलिस और जीआरपी सक्रिय हुई।

पुलिस और जीआरपी की संयुक्त जांच
वारदात की गंभीरता को देखते हुए सीओ अलीनगर, चंदौली पुलिस, सकलडीहा पुलिस और जीआरपी डीडीयू की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और यात्रियों से हमलावर के हुलिए के बारे में जानकारी जुटाई।

मृतक की शिनाख्त की कोशिश जारी
जीआरपी डीडीयू ने शव को पटरी के पास से बरामद कर कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, पुलिस आसपास के जिलों और थानों में युवक की तस्वीर भेजकर शिनाख्त की कोशिश कर रही है। हमलावर की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*