जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चहनियां-बलुआ मार्ग पर जानलेवा ब्रेकर, आए दिन हो रहे हादसे

स्थानीय निवासियों और ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन उनकी ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
 

जानलेवा ब्रेकर्स की वजह से हो रही हैं दुर्घटनाएं

कई लोग हो चुके हैं गंभीर रूप से घायल

लोक निर्माण विभाग की लापरवाही पर आक्रोश

चंदौली जिले के चहनियां से बलुआ को जोड़ने वाला मार्ग इन दिनों हादसों का सबब बन गया है। इस रास्ते पर जगह-जगह बने बेतरतीब और जानलेवा ब्रेकर बाइक सवारों और बड़े वाहनों के लिए खतरा बन चुके हैं। आए दिन इन ब्रेकर्स की वजह से दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।

सबसे ज्यादा खतरनाक ब्रेकर चहनियां चौराहे पर स्थित शिव मंदिर के ठीक सामने है। तीन मीटर की दूरी पर बने छोटे और ऊंचे ब्रेकर्स को समझ पाना मुश्किल है। अचानक सामने आने पर बाइक सवार हड़बड़ा जाते हैं और संतुलन खोकर गिर पड़ते हैं। खासकर, बाइक पर पीछे बैठी महिलाएं अक्सर गिरकर चोटिल हो रही हैं। इसी तरह, बलुआ पक्के पुल पर चढ़ने से ठीक पहले भी ऐसा ही एक जानलेवा ब्रेकर है, जहां आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।

इन खतरनाक ब्रेकर्स पर किसी भी तरह का कोई सांकेतिक चिह्न या निशान नहीं है। न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा है और न ही उन पर सफेद पट्टी है, जिससे वाहन चालक उन्हें दूर से देख सकें। इस लापरवाही की वजह से रात के समय या तेज रफ्तार में आ रहे लोगों के लिए ये ब्रेकर मौत का जाल बन जाते हैं।

स्थानीय निवासियों और ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन उनकी ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया है। लोगों में इस उपेक्षा को लेकर भारी गुस्सा है।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तुरंत इन बेतरतीब ब्रेकर्स को सही कराए और उन पर सांकेतिक चिह्न लगाए, ताकि हादसों को रोका जा सके। इस संबंध में जब PWD के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) राजेश कुमार से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर ऐसी स्थिति है तो वे तत्काल इन ब्रेकर्स पर सांकेतिक चिह्न और निशान लगाने की व्यवस्था करेंगे। उम्मीद है कि अधिकारियों के इस आश्वासन पर जल्द ही काम होगा और यह खतरनाक रास्ता सुरक्षित हो पाएगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*