धानापुर बुद्ध विहार मार्ग कब सुधरेगा? गड्ढों और कीचड़ से परेशान ग्रामीणों ने अब लगाई DM चंद्र मोहन गर्ग से गुहार
चंदौली के धानापुर कस्बे में बुद्ध विहार जाने वाला मुख्य मार्ग पिछले 20 वर्षों से बदहाल है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और मरम्मत की मांग की।
धानापुर में बदहाल सड़क पर प्रदर्शन
20 वर्षों से जर्जर है मार्ग
जनप्रतिनिधियों ने नहीं सुनी कोई गुहार
सैकड़ों ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी
जिलाधिकारी से लगाई निर्माण की गुहार
चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में बुनियादी सुविधाओं और सड़क कनेक्टिविटी को लेकर स्थानीय वासियों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। कस्बे के पश्चिम टोला काली मंदिर से लेकर आंशिक मोहल्ला वार्ड नंबर 5 स्थित बुद्ध विहार मंदिर तक जाने वाला मुख्य मार्ग पिछले 20 वर्षों से अत्यंत जर्जर और बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। इस मार्ग के निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर गुरुवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
जनप्रतिनिधियों ने फेरा मुंह, जनता परेशान
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण बसंत मौर्य और सुजीत विश्वकर्मा ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि यह मार्ग सैकड़ों लोगों के दैनिक आवागमन का मुख्य जरिया है, लेकिन पिछले दो दशकों से इस पर सिर्फ गड्ढे और कीचड़ ही नजर आते हैं। ग्रामीणों ने कई बार ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख से लेकर क्षेत्रीय विधायक तक के दरवाजे खटखटाए और सड़क बनवाने की गुहार लगाई, मगर आज तक किसी भी जनप्रतिनिधि या जिम्मेदार अधिकारी ने इस जनसमस्या पर ध्यान नहीं दिया। इस उपेक्षा के कारण क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है।
डीएम चंद्र मोहन गर्ग से लगाई न्याय की गुहार
सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। थक-हारकर ग्रामीणों ने अब चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया है और उनसे जल्द से जल्द मार्ग निर्माण शुरू कराने की मांग की है। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से राजू खान, आलम गिर खान, वसीम खान, मनोज विश्वकर्मा, प्रदुमन गोड़, रीता मौर्य, रामवती, सुनीता, भगवंति देवी, डब्लू, प्रकाश खरवार और सच्चिदानंद विश्वकर्मा सहित भारी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








