जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

अनियंत्रित कार ने बाइक सवार को रौंदा, बिजली के पोल से टकराकर हुई मौत

यह दुर्घटना निदिल पुर गांव के समीप हुई, जब अनियंत्रित कार चालक ने साइड से जा रहे 57 वर्षीय बाइक सवार उपेंद्र सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार नियंत्रण खोकर बिजली के पोल से टकराई...
 

धानापुर में भीषण सड़क हादसा


हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत


नेकनामपुर निवासी 57 वर्षीय उपेंद्र सिंह की उपचार के दौरान मौत


कार चालक मौके से फरार, पुलिस कर रही तलाश 

चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र के निदिल पुर गांव के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पहले बाइक सवार को रौंदा, फिर बिजली के पोल को टक्कर मारते हुए एक दीवार से जा टकराई। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत हो गई।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार
यह दुर्घटना निदिल पुर गांव के समीप हुई, जब अनियंत्रित कार चालक ने साइड से जा रहे 57 वर्षीय बाइक सवार उपेंद्र सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार नियंत्रण खोकर बिजली के पोल से टकराई और अंत में एक दीवार से टकराकर रुक गई। घटना के तुरंत बाद, कार चालक वाहन (पंजीकरण संख्या UP65EX5934) छोड़कर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल उपेंद्र सिंह को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल उपेंद्र सिंह के मुंह से खून की उल्टी हो रही थी, जिससे उनकी स्थिति अत्यधिक नाजुक थी।

लोगों ने बताया कि घायल उपेंद्र सिंह धानापुर थाना क्षेत्र के नेकनामपुर निवासी प्रभुनाथ सिंह के पुत्र थे। 


उपचार के दौरान हुई मौत
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उपेंद्र सिंह की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार कार चालक की पहचान वाराणसी के रहने वाले एक व्यक्ति के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि कार चालक को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पुलिस आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
 

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*