सोफियान इंस्टीट्यूट के संचालक ने 13 वर्षीय छात्र को बेरहमी से पीटा, आधी रात को खौफ में कोचिंग से भागा मासूम!
चंदौली के धानापुर में एक आवासीय कोचिंग सेंटर के संचालक ने 13 साल के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। खौफजदा मासूम आधी रात को भाग निकला। शरीर पर चोट के निशान देखकर रूह कांप जाएगी। पूरी खबर पढ़ें।
धानापुर कोचिंग संचालक पर पिटाई का आरोप
आधी रात को डरकर भागा 13 वर्षीय छात्र
मासूम के शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
माता-पिता से बात करने पर मिली बर्बर सजा
बीएसए और डीआईओएस ने दिए जांच के आदेश
चंदौली जिले के धानापुर कस्बे से एक बेहद ही हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक आवासीय कोचिंग सेंटर के संचालक पर 13 वर्षीय मासूम छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगा है। शिक्षक की इस बर्बरता से छात्र इस कदर सहम गया कि वह गुरुवार की रात करीब 1 बजे कोचिंग सेंटर से चुपके से भाग निकला। पीड़ित छात्र की पहचान कृष्ण कमल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पड़ोसी जिले गाजीपुर के अंधऊ गांव का रहने वाला है।
आधी रात को रोता मिला बच्चा, परिजनों को दी गई सूचना
रात के सन्नाटे में जब बच्चा भाग रहा था, तब नरौली गांव के पास कुछ राहगीरों ने उसे अकेले रोते हुए देखा। राहगीरों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्चे को रोका और उससे पूछताछ की। बच्चा इस कदर डरा हुआ था कि वह न तो वापस कोचिंग जाना चाहता था और न ही खौफ के मारे अपने माता-पिता को सूचित करने के लिए तैयार था। राहगीरों ने किसी तरह बच्चे को ढांढस बंधाया और उसके परिजनों को इस पूरी घटना की सूचना दी।

माता-पिता से बात करने की जिद पर मिली तालिबानी सजा
छात्र की मां अभिलाषा ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे का दाखिला धानापुर के 'सोफियान इंस्टीट्यूट' नामक इस कोचिंग सेंटर में कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे ने जब अपने माता-पिता से फोन पर बात करने की इच्छा जताई, तो कोचिंग संचालक आपा खो बैठा। गुस्साए संचालक ने लगातार तीन दिनों तक बच्चे को जमकर पीटा। बच्चे के शरीर, खासकर उसकी पीठ और जांघों पर गंभीर चोटों के निशान उभर आए हैं, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। परिजनों के मुताबिक, पिटाई के कारण मासूम ठीक से बैठ भी नहीं पा रहा है और उसे चलने में भी गंभीर समस्या हो रही है।
प्रशासन आया हरकत में तो मिले सख्त कार्रवाई के निर्देश
परिजनों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यदि बच्चे ने कोई गलती भी की थी, तो इसकी सूचना सीधे माता-पिता को दी जानी चाहिए थी, न कि उसे लात-घूसों से पीटकर लहूलुहान किया जाता। इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से ऐसे कोचिंग संचालकों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाने की मांग की है। मामले पर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रकरण की गहराई से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








