धानापुर में 400 क्षमता वाले नवीन वृहद गो संरक्षण केंद्र का वर्चुअल लोकार्पण, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया शुभारंभ
चंदौली के धानापुर में 400 गोवंशों की क्षमता वाले नवीन वृहद गो संरक्षण केंद्र का ऑनलाइन लोकार्पण हुआ। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह द्वारा शुरू किए गए इस केंद्र से क्षेत्र के बेसहारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय मिलेगा।
धानापुर में वृहद गो संरक्षण केंद्र
400 बेसहारा गोवंशों को मिलेगा आश्रय
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया लोकार्पण
लखनऊ सभागार से वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन
बीडीओ या एनजीओ द्वारा होगा संचालन
चंदौली जिले के धानापुर में नवस्थापित 'वृहद गो संरक्षण केंद्र' का सोमवार को वर्चुअल (ऑनलाइन) माध्यम से भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ। इस केंद्र का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह और पशुधन राज्यमंत्री द्वारा किया गया। यह लोकार्पण कार्यक्रम निदेशालय, पशुपालन विभाग उत्तर प्रदेश, बादशाहबाग (लखनऊ) के सभागार से आयोजित किया गया था।

400 गोवंशों को मिलेगा सुरक्षित आश्रय
नवनिर्मित इस वृहद गो संरक्षण केंद्र का निर्माण 400 गोवंशों की क्षमता को ध्यान में रखकर किया गया है। लोकार्पण के दौरान मंत्रियों ने बताया कि इस गो आश्रय केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य धानापुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहे निराश्रित व बेसहारा गोवंशों को सुरक्षित आश्रय, देखभाल और संरक्षण प्रदान करना है। इससे किसानों की फसलों को भी सुरक्षा मिलेगी।
बीडीओ या एनजीओ के जरिए होगा संचालन
शासन की मंशा के अनुरूप इस गो संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी दी गई है। केंद्र का पूरा संचालन खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अथवा निर्धारित एनजीओ/फर्म के माध्यम से कराया जाएगा, ताकि गोवंशों के चारे और स्वास्थ्य की नियमित देखभाल हो सके।

कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान धानापुर ब्लॉक परिसर से ऑनलाइन और भौतिक रूप से ब्लॉक प्रमुख, वाराणसी मंडल के पशुपालन विभाग के अपर निदेशक (ग्रेड-2), मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. योगेश कुशवाहा, खंड विकास अधिकारी, धानापुर के पशुचिकित्साधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी और भारी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण जुड़े रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत किया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








