धानापुर में मजार के पास खून से लथपथ मिली युवती: गर्दन पर गंभीर चोट, वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर; जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
धानापुर में मजार पर दीया जलाने गई 18 वर्षीय नजमा बानो घायल और बेहोश मिली। गर्दन पर चोट के निशान देख परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया है। गंभीर हालत में युवती को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
धानापुर मजार के पास मिली बेहोश युवती
गर्दन पर मिले गंभीर चोट के निशान
प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर
घटनास्थल से मिले ईंट-पत्थर के टुकड़े
फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी
चंदौली जिले के धानापुर कस्बे के रायपुर मार्ग स्थित मजार के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 18 वर्ष की एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल और बेहोश पाई गई। युवती की पहचान धानापुर कस्बे के वार्ड नंबर आठ निवासी मो. यूनुस शाह की बेटी नजमा बानो के रूप में हुई है। नजमा मिठाई के डिब्बे बनाने का काम करती है और गुरुवार को छुट्टी होने के कारण वह अकेले मजार पर दीया जलाने गई थी।
वाराणसी ट्रामा सेंटर किया गया रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद युवती की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल भेजा। वहां से भी सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है। परिजनों के मुताबिक युवती को अभी तक होश नहीं आया है।
घटनास्थल पर मिले ईंट के टुकड़े
घटनास्थल पर ईंट के टुकड़े मिलने से किसी से मारपीट किए जाने की आशंका जताई जा रही है। नजमा की मां खुशबू का आरोप है कि किसी ने उनकी बेटी पर जानलेवा हमला किया है, क्योंकि सिर्फ गिरने से गर्दन पर इतनी गहरी चोट नहीं आ सकती। परिवार ने पुलिस से इस पूरी घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है ताकि दोषियों का पता चल सके।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही मामले की जांच
सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल किसी से दुश्मनी या विवाद की बात नहीं कही है। युवती के होश में आने और उसका बयान दर्ज होने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







