जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

10 बीघा से अधिक गेहूं की तैयार फसल जलकर राख: पगही-विझवल के सिवान में भीषण अग्निकांड

चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लगी भीषण आग ने किसानों की कमर तोड़ दी है। पगही और विझवल गांव के सिवान में 10 बीघा से ज्यादा खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई, जिससे कई परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

 
 

धानापुर में भीषण खेत की आग

10 बीघा से अधिक गेहूं नष्ट

हरदेव पीजी कॉलेज के पीछे हादसा

किसानों का भारी आर्थिक नुकसान

प्रशासन से मुआवजे की गुहार

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार की सुबह किसानों के लिए काली सुबह साबित हुई। पगही, विझवल और कुसुम्ही गांव के सिवान में स्थित हरदेव पीजी कॉलेज के पीछे अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। पछुआ हवाओं के झोंके और सूखी फसल के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 10 बीघा से अधिक की खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

Imsge

ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत 
आग की लपटें उठती देख खेतों में काम कर रहे और आसपास के ग्रामीण शोर मचाते हुए मौके पर दौड़े। ग्रामीणों और किसानों ने अपने स्तर पर पंपिंग सेट और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का अथक प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए। हालांकि, दमकल विभाग के पहुँचने से पहले ही ग्रामीणों के साहस और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

इन किसानों के सामने खड़ा हुआ भोजन का संकट
इस भीषण अग्निकांड में विझवल और पगही गांव के कई सीमांत किसानों की साल भर की मेहनत स्वाहा हो गई। प्रभावित किसानों में मुख्य रूप से रामलाल यादव, लालमन यादव, प्यारेलाल यादव, मुकेश सिंह यादव, नंदलाल राम और डॉ. कुमार राम शामिल हैं। इन किसानों की लगभग दस बीघा से अधिक फसल जलने के कारण अब उनके सामने परिवार के पालन-पोषण और साल भर के भोजन का गंभीर संकट गहरा गया है।

मुआवजे और सर्वे की उठी मांग
घटनास्थल पर पहुँचे समाजसेवी केवट बाबूलाल बिंद ने किसानों की दुर्दशा देखते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन और राजस्व विभाग से मांग की है कि तत्काल लेखपाल और कानूनगो को मौके पर भेजकर फसल के नुकसान का सर्वे कराया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष और जिला प्रशासन से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की अपील की है, ताकि पीड़ित परिवारों को इस आपदा से उबरने में मदद मिल सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*