धानापुर PG कॉलेज में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का आगाज, 100 और 200 मीटर दौड़ में रिमझिम ने मारी बाजी
चंदौली के धानापुर स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह शुरू हुआ। पहले दिन महिला वर्ग की दौड़ में रिमझिम का दबदबा रहा।
धानापुर पीजी कॉलेज में क्रीड़ा समारोह शुरू
प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय रहे मुख्य अतिथि
छात्र-छात्राओं ने मार्च-पास्ट कर दी सलामी
100 व 200 मीटर दौड़ में रिमझिम बनीं विजेता
महिला गोला फेंक में अंशिका ने हासिल किया प्रथम स्थान
चंदौली जिले के शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का भव्य और दमदार शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन कॉलेज के खेल मैदान पर छात्र-छात्राओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में महिला और पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों ने पूरे दमखम के साथ हिस्सा लिया और अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मार्च-पास्ट और मशाल प्रज्वलन के साथ हुई शुरुआत
समारोह के मुख्य अतिथि सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत व सम्मान से हुई, जहां प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्च-पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, क्रीड़ा समारोह के संयोजक डॉ. नौशाद अहमद ने प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह को पुष्पगुच्छ और डॉ. संदीप कुमार यादव ने स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने मशाल लेकर मैदान का चक्कर लगाया और मुख्य अतिथि ने ज्योति प्रज्वलित कर खेलों की आधिकारिक घोषणा की।
दौड़ और थ्रो मुकाबलों में दिखा रोमांच, रिमझिम रहीं अव्वल
पहले दिन महिला और पुरुष वर्ग में 100 व 200 मीटर दौड़ और गोला फेंक जैसी प्रतियोगिताएं हुईं, जबकि पुरुष वर्ग में जैवलिन थ्रो, 400 मीटर और 1600 मीटर दौड़ के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। परिणामों में महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रिमझिम ने प्रथम, प्रीति ने द्वितीय और श्रेया ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी तरह 200 मीटर दौड़ में भी रिमझिम प्रथम, प्रीति चौरसिया द्वितीय और सरिता तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, महिला गोला फेंक प्रतियोगिता में अंशिका ने पहला, पूजा ने दूसरा और आफरीन अंसारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







