धानापुर पुलिस ने फर्जी मालिक बनकर साढ़े 12 लाख की रजिस्ट्री करने वाले शहामुद्दीन को दबोचा
चंदौली की धानापुर पुलिस ने फर्जी कागजात तैयार कर दूसरों की जमीन बेचने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर लाखों रुपये का चूना लगाया था। पूरी कहानी नीचे पढ़ें।
फर्जी दस्तावेज बनाकर हड़पी जमीन
धानापुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
साढ़े बारह लाख का फर्जीवाड़ा
पश्चिम बंगाल का रहने वाला ठग
मुखबिर की सूचना पर कामयाबी
चंदौली जिले के थाना धानापुर क्षेत्र में फर्जी कागजात तैयार कर दूसरों की कीमती जमीन हड़पने और उसे बेचने वाले एक शातिर जालसाज को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी ने कूट रचित (फर्जी) दस्तावेज बनाकर और खुद को असली मालिक की जगह खड़ा कर लाखों रुपये का चूना लगाया था।
विश्वास में लेकर दिया धोखा
यह पूरा मामला पीड़िता लक्ष्मीना देवी (पत्नी मुकेश खरवार) की शिकायत पर सामने आया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर धानापुर थाने में मुकदमा संख्या 63/2026 दर्ज किया गया था। आरोप है कि शातिर ठग शहामुद्दीन शेख ने पीड़िता को पहले अपने विश्वास में लिया। इसके बाद उसने बड़ी चालाकी से फर्जी कागजात तैयार करवाए।
भाई के साथ मिलकर की दो-दो रजिस्ट्रियां
ठग शहामुद्दीन ने पुरा चेता दूबे गांव के रहने वाले अरशद (पुत्र शम्सुद्दीन) के स्थान पर खुद को फर्जी तरीके से खड़ा किया और जमीन की पहली रजिस्ट्री कर दी। इस खेल में उसने 4 लाख रुपये हड़प लिए। यहीं नहीं, उसने अपने छोटे भाई जसिमुद्दीन शेख को भी एक दूसरी जमीन का नकली मालिक बनाया और 8.5 लाख रुपये की दूसरी रजिस्ट्री करा दी। दोनों भाइयों ने मिलकर कुल 12.5 लाख रुपये ऐंठ लिए।
सकरारी मोड़ से हुई गिरफ्तारी
चंदौली पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार इस वांछित आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी शहामुद्दीन शेख (पुत्र मजीद शेख) को सकरारी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से ग्राम हरिशपुर, थाना पाइको, जिला वीरभूमि (पश्चिम बंगाल) का रहने वाला है।
पुलिस टीम की मुस्तैदी रंग लाई
इस शातिर अपराधी को पकड़ने में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के साथ सकलडीहा थाने के उपनिरीक्षक संजय ओझा और हेड कांस्टेबल राजेश यादव ने मुख्य भूमिका निभाई। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और इसके भाई की तलाश में जुटी है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








