धानापुर में दर्दनाक हादसा: खेत जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से युवक की मौके पर मौत
रोटावेटर की चपेट में आने से मौत
धानापुर के नौली गांव की घटना
तोरवा गांव का रहने वाला था युवक
सोमवार शाम खेत जुताई के दौरान हादसा
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नौली गांव में सोमवार की शाम को एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। गांव की उत्तर दिशा में स्थित सिवान (खेत) में ट्रैक्टर से जुताई चल रही थी, तभी ट्रैक्टर पर बैठा एक युवक अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर गया। नीचे गिरते ही वह सीधे रोटावेटर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तोरवा गांव का रहने वाला था मृतक
हादसे का शिकार हुए मृतक युवक की पहचान तोरवा गांव के रहने वाले स्वर्गीय शमशेर सिंह के 30 वर्षीय पुत्र नीलेश सिंह उर्फ पंकज सिंह के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक, नौली गांव के निवासी दीपक सिंह 'मटरू' का ट्रैक्टर था, जिसे तोरवा गांव के ही रहने वाले हरिमोहन सिंह चला रहे थे। हरिमोहन सिंह नौली गांव के उत्तर दिशा में स्थित खेत की जुताई कर रहे थे और पंकज भी ट्रैक्टर पर ही बैठा हुआ था।
घर का इकलौता सहारा था पंकज
सोमवार की शाम लगभग 6:30 बजे जुताई के दौरान अचानक झटका लगने या संतुलन बिगड़ने से पंकज सिंह नीचे गिर पड़ा। पंकज अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो बड़े भाई बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि पंकज घर पर ही रहकर पूरी खेती-बाड़ी का काम और परिवार को संभालता था। अभी कुछ महीने पहले ही उसके दूसरे नंबर के बड़े भाई की शादी हुई थी, जिससे घर में खुशियों का माहौल था, जो अब मातम में बदल गया है।
भारी बारिश के बीच पुलिस ने निकाला शव
घटना की भयंकर जानकारी मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। उस समय तेज बारिश हो रही थी, जिसके कारण खेत में काफी कीचड़ और पानी भरा हुआ था। पानी और कीचड़ के कारण शव को रोटावेटर और खेत से बाहर निकालने में पुलिसकर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने पानी में भीगते हुए कड़ी मेहनत के बाद शव को बाहर निकाला।
रोटावेटर की चपेट में आने से मौत
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) July 7, 2026
धानापुर के नौली गांव की घटना
तोरवा गांव का रहने वाला था युवक
सोमवार शाम खेत जुताई के दौरान हादसा
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव@chandaulipolice @dhanapurcdi @Uppolice pic.twitter.com/gMpMUlyUaA
जांच में जुटी धानापुर पुलिस
थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैक्टर से खेत की जुताई के समय ऊपर बैठा हुआ व्यक्ति अचानक नीचे गिर गया, जिससे रोटावेटर की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। पुलिस घटना के असली कारणों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








