गंगा में नहाते समय डूबा 16 वर्षीय किशोर, बुद्धपुर घाट पर गोताखोरों का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, NDRF को भेजा गया बुलावा
धानापुर के बुद्धपुर गांव में गंगा नदी में नहाने गया 16 वर्षीय मंगल यादव गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। परिजनों में कोहराम मचा है और स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस की टीम किशोर की तलाश में जुटी है।
बुद्धपुर गांव का 16 वर्षीय मंगल लापता
भैंस चराने के बाद गया था गंगा स्नान
धानापुर पुलिस और गोताखोर मौके पर तैनात
एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को किया सूचित
दो भाइयों में सबसे बड़ा था मृतक किशोर
चंदौली जिले के धानापुर इलाके के बुद्धपुर में गंगा नदी में नहाते समय किशोर डूबा, परिजनों में मचा कोहराम, भैंस चराने के बाद स्नान के दौरान हादसा
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुद्धपुर गांव में सोमवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। गंगा नदी के घाट पर प्रतिदिन की तरह भैंस चराने गया 16 वर्षीय किशोर मंगल यादव नदी में नहाते समय गहरे पानी में समा गया। मंगल यादव, जो किशुनदेव यादव का पुत्र था, भैंस चराने के बाद नदी में उतरकर स्नान कर रहा था, तभी वह अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मंगल अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार के काम में हाथ बंटाया करता था। उसके पिता किशुनदेव यादव निजी वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जैसे ही किशोर के डूबने की खबर गांव में फैली, घाट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिवार में इस घटना के बाद से चीख-पुकार मची हुई है और सबका रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस बल के साथ तत्काल गंगा घाट पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्रीय गोताखोरों की मदद ली है, जो लगातार नदी की लहरों के बीच किशोर को तलाश रहे हैं।
थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि पुलिस टीम पूरी तत्परता के साथ किशोर की तलाश में जुटी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को भी सूचित कर दिया गया है। जल्द ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर अत्याधुनिक उपकरणों के साथ बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी। फिलहाल स्थानीय स्तर पर खोजबीन जारी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








