जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

धानापुर में जानवरों को चारा देते समय पवन यादव को आया मिर्गी का दौरा, हौद में डूबने से हुई मौत

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। जानवरों को चारा देने गए 20 वर्षीय पवन यादव की मिर्गी का दौरा पड़ने और पानी भरे हौद में गिरने से मौत हो गई।

 

नरौली गांव में युवक की दर्दनाक मौत

चारा देते समय आया मिर्गी का दौरा

पानी भरे हौद में डूबने से हादसा

बिना पोस्टमार्टम के हुआ अंतिम संस्कार

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

चंदौली जिले के धानापुर थाना अंतर्गत नरौली गांव में बृहस्पतिवार की सुबह उस समय मातम पसर गया, जब एक 20 वर्षीय युवक की असमय मृत्यु हो गई।  जानकारी के अनुसार, नरौली गांव निवासी पवन यादव (20), पुत्र कमलेश यादव, रोज की तरह सुबह करीब पांच बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित पशुशाला में जानवरों को चारा देने गया था।  इसी दौरान अचानक उसे मिर्गी का दौरा आ गया, जिससे वह अपना संतुलन खो बैठा और पास में ही बने पानी से लबालब भरे हौद में जा गिरा।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने घोषित किया मृत 
काफी देर तक जब पवन वापस नहीं लौटा, तो परिजन उसे ढूंढते हुए पशुशाला पहुंचे।  वहां पवन को पानी के हौद में अचेत अवस्था में पड़ा देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में शोर मचाने पर ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए।  परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर भागे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।  युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों ने नहीं कराया पोस्टमार्टम
 हादसे की सूचना मिलने पर धानापुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की विस्तृत जानकारी ली।  प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि मृतक पवन यादव को पहले से ही मिर्गी की बीमारी थी, जिसकी पुष्टि परिजनों ने भी की है।  परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की सहमति और कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।  इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*