जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सकलडीहा में खलिहान की सरकारी जमीन पर दबंगई: ट्रैक्टर से जुताई का वीडियो वायरल, भड़के गांव वाले

चंदौली के धरहरा गांव में खलिहान की सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश का वीडियो वायरल हुआ है। आरोप है कि तहसील टीम की लापरवाही के बाद दबंगों ने ट्रैक्टर चलाकर जुताई शुरू कर दी। जानिए पूरा मामला!

 
 

चंदौली के धरहरा गांव का मामला

खलिहान की जमीन पर जुताई शुरू

जुताई का वीडियो सोशल मीडिया वायरल

तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल

तहसीलदार ने लेखपाल को दिए निर्देश

चंदौली जिले के सकलडीहा तहसील क्षेत्र स्थित धरहरा गांव में मंगलवार की सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई। गांव में बने खलिहान की सरकारी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से एक व्यक्ति ने ट्रैक्टर से जुताई शुरू करा दी। सरकारी जमीन पर ट्रैक्टर चलता देख गांव के लोग मौके पर जुट गए और जमकर विरोध जताया। इसी बीच किसी ग्रामीण ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

dharahara-khalihaan-land-encroachment-video-viral-news

खराब मशीन का बहाना और खाली हाथ लौटी टीम
गांव वालों का कहना है कि इस खलिहान की जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है। ग्रामीणों ने इसकी लिखित शिकायत सकलडीहा तहसील प्रशासन से भी की थी। शिकायत के बाद सोमवार को तहसील की टीम गांव में जांच और जमीन की पैमाइश करने पहुंची जरूर थी, लेकिन बिना कोई काम किए लौट गई। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि तहसील कर्मचारियों ने पैमाइश करने वाली मशीन खराब होने का बहाना बनाया और बिना कोई ठोस कार्रवाई किए चले गए।

प्रशासन की ढील का उठाया फायदा
ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार को तहसील टीम के वापस लौटते ही कब्जा करने की फिराक में बैठे लोगों के हौसले बुलंद हो गए। नतीजा यह हुआ कि अगले ही दिन मंगलवार सुबह चुपके से जमीन पर ट्रैक्टर उतारकर जुताई शुरू करा दी गई। गांव वालों का साफ तौर पर कहना है कि खलिहान की जमीन किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे गांव के सार्वजनिक इस्तेमाल के लिए होती है। अगर इस तरह इस पर अवैध कब्जा हो जाएगा, तो भविष्य में पूरे गांव को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ेगी।

जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद धरहरा गांव का यह मामला अब जिले भर में चर्चा का विषय बन चुका है। ग्रामीणों ने तहसील और जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्षता से जांच कराई जाए। गांव वालों ने कहा कि जल्द से जल्द सही मशीन लाकर जमीन की पैमाइश कराई जाए और खलिहान की सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए।

तहसीलदार ने दिए जांच के आदेश
इस पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। सकलडीहा के तहसीलदार अनुराग सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने जानकारी मिलने के तुरंत बाद संबंधित हल्के के लेखपाल को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने और नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*