जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

कागजों में दर्ज है रास्ता पर जमीन से नदारद, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; BDO ने दिया यह आश्वासन।

चंदौली के धीना स्थित सबल जलालपुर ग्राम पंचायत में 20 वर्ष पुराने उप स्वास्थ्य केंद्र तक जाने के लिए आज तक पक्का रास्ता नहीं बन सका है। मरीजों की परेशानी को देखते हुए आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क निर्माण की मांग उठाई।

 
 

धीना बाजार के पास सबल जलालपुर में अस्पताल का मार्ग नदारद

20 वर्षों से पगडंडी के सहारे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं मरीज

गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को होती है भारी परेशानी

राजस्व अभिलेखों में दर्ज है चकमार्ग, लेकिन जमीन पर कोई निर्माण नहीं

बीडीओ बरहनी रत्नेश कुमार ने गेहूं कटने के बाद रास्ता बनवाने का दिया आश्वासन

विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच चंदौली जिले के धानापुर/बरहनी ब्लॉक क्षेत्र की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। धीना क्षेत्र के सबल जलालपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत धीना बाजार के पास स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र बने लगभग 20 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन विडंबना यह है कि आज तक अस्पताल तक पहुंचने के लिए कोई पक्का रास्ता नहीं बन सका है। सड़क सुविधा के अभाव में मरीजों और उनके तीमारदारों को होने वाली भारी परेशानी से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया।

गर्भवती महिलाओं को खेतों के बीच से ले जाना जोखिम भरा
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि इस स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्य रूप से क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों का इलाज किया जाता है। प्रसव पीड़ा होने पर महिलाओं का प्रसव भी यहीं कराया जाता है। लेकिन मुख्य सड़क से लगभग 100 मीटर अंदर खेतों के बीच स्थित इस अस्पताल तक पहुंचने के लिए लोगों को मजबूरन पगडंडियों का सहारा लेना पड़ता है। बरसात के दिनों में या आपात स्थिति में गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को खेतों के बीच से ले जाना न केवल कष्टदायक होता है, बल्कि बेहद जोखिम भरा भी होता है।

कागजों में दर्ज है चकमार्ग, जमीन पर नहीं हुआ निर्माण
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के सात दशक और अस्पताल बने 20 साल बीत जाने के बाद भी यह बदहाली जस की तस है। हैरानी की बात यह है कि ग्राम पंचायत सबल जलालपुर के अंतर्गत अस्पताल तक जाने वाला चकमार्ग राजस्व अभिलेखों (कागजों) में दर्ज है, इसके बावजूद अब तक उसका निर्माण नहीं कराया गया। इस लचर व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों में अजीत कुमार, शुभम, कल्लू, सचिन, अखिलेश, संजय, शंकर, धीरज, अभय, सुनील, आशीष और अनूप सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।

गेहूं की फसल कटने के बाद बनेगा रास्ता: BDO
इस गंभीर समस्या के संबंध में जब खंड विकास अधिकारी (BDO) बरहनी, रत्नेश कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि यह मामला अभी तक उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने आश्वासन दिया है कि फिलहाल खेतों में गेहूं की फसल खड़ी है। फसल कटने के तुरंत बाद ग्राम पंचायत निधि के माध्यम से अस्पताल तक रास्ता बनवाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि यह आश्वासन कब हकीकत में बदलता है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*