धीना में NCC कैडेट्स ने निकाली यातायात जागरूकता रैली: सुरक्षित ड्राइविंग का दिया संदेश
यातायात माह नवंबर 2025
राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने निकाली यातायात जागरूकता रैली
कमालपुर के छात्रों ने लोगों को किया सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक
चंदौली के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा तथा क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के मार्गदर्शन में यातायात माह नवंबर के अवसर पर एक महत्वपूर्ण यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। थानाध्यक्ष धीना भूपेन्द्र निषाद के नेतृत्व में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, कमालपुर के राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के छात्रों ने इस विशाल रैली में हिस्सा लिया। रैली कॉलेज परिसर से शुरू होकर कमालपुर बाजार के मुख्य मार्गों से गुजरी, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।

सुरक्षित ड्राइविंग पर जोर
रैली के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने तख्तियों और नारों के माध्यम से कई महत्वपूर्ण यातायात नियमों को रेखांकित किया। उन्होंने नागरिकों से बाइक चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने की अपील की। इसके साथ ही, शराब पीकर वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से बात न करने, और निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन करने का संदेश दिया गया। कैडेट्स ने यह भी बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को गाड़ी नहीं चलानी चाहिए।

कोहरे से बचाव के लिए रिफ्लेक्टर
जागरूकता रैली में एक महत्वपूर्ण बिंदु पर विशेष रूप से जोर दिया गया, जो वर्तमान मौसम के लिए प्रासंगिक है। कैडेट्स ने कोहरे में सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ट्रैक्टर, ट्राली और कामार्शियल वाहनों पर रिफ्लेक्टर का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने का संदेश दिया, ताकि दृश्यता कम होने पर भी वाहनों को आसानी से देखा जा सके।

हर नागरिक का कर्तव्य है सड़क सुरक्षा
इस अवसर पर थानाध्यक्ष धीना भूपेंद्र कुमार निषाद ने छात्रों और जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों के पालन के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है।
इस सफल जन जागरूकता प्रयास में प्रधानाचार्य अभिमन्यु यादव, एनसीसी कंपनी कमांडर रामदेव सोनकर, और पुलिस बल के कई सदस्य शामिल हुए और छात्रों की पहल की सराहना की।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







